उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने वाला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब शुरू होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, 28 मार्च को एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन करेंगे. जिला प्रशासन और नागरिक उड्डयन विभाग ने पीएम के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है.
पहले ग्रेटर नोएडा स्थित लोगों की दिल्ली एयरपोर्ट जानें में करीब 2 से 3 घंटे लग जाते थे. उसके ऊपर बोडिंग से एक घंटे पहले पहुंचने के प्रोटोकॉल के चलते लोगों का 4 से 5 घंटा बरबाद हो जाता था. लेकिन इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद, लोगों का करीब आधा से ज्यादा समय बचेगा. खास कर जो लोग नोएडा या ग्रेटर नोएडा में रहते हैं.
पहले चरण में 12 प्रमुख शहरों के लिए फ्लाइट सेवा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही देश के 12 बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी. शुरुआती सूची में शामिल हैं मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, कानपुर और लखनऊ शामिल हैं. एयरलाइंस के अनुसार, शुरुआती उड़ान संचालन यात्रियों की सुविधाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा. एयरपोर्ट के पूर्णत: ऑपरेशनल होने के बाद यह संख्या धीरे-धीरे बढ़ेगी.
मांग बढ़ने पर 47 शहरों को जोड़ा जाएगा
अधिकारियों के मुताबिक जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ेगी, उड़ानों का दायरा विस्तारित किया जाएगा. भविष्य की योजना के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुल 47 शहरों को जोड़ने का लक्ष्य है. एयरपोर्ट के विकास से प्रदेश में रोजगार, निवेश और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है.
वीवीआईपी आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इस आयोजन में 7,000 से अधिक पुलिसकर्मी आयोजन स्थल पर तैनात किए गए हैं. पूरे परिसर और जनसभा क्षेत्र की निगरानी के लिए 300 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही प्रधानमंत्री के संबोधन के लिए कार्यक्रम स्थल पर एक आधुनिक और भव्य स्टेज भी तैयार कर लिया गया है. सुरक्षा एजेंसियों की टीम एयरपोर्ट परिसर, स्टेज और जनसभा मैदान में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है.
सुबह 7 से 11 बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने 28 मार्च की सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है. नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आम जनता को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है. ट्रैफिक पुलिस की टीमें पूरे रूट पर तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की भीड़भाड़ न होने पाए.
(रिपोर्ट- अरुण त्यागी)
ये भी पढ़ें