Advertisement

5 एकड़ से शुरू किया खेती का सफर, आज 40 एकड़ की मालकिन हैं मनदीप कौर... खेती से बदली परिवार की तकदीर

परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए साल 2009 में महज 5 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेती शुरू करने वाली मनदीप कौर आज करीब 40 एकड़ जमीन पर खेती कर रही हैं. वह खुद खेतों में मजदूरों के साथ काम करती हैं.

woman farmer Mandeep kaur
तन्मय समानता
  • मोगा ,
  • 08 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:40 PM IST

पंजाब के मोगा जिले के गांव तलवंडी मलिया की रहने वाली महिला किसान मनदीप कौर खैरा आज उन महिलाओं के लिए मिसाल बन गई हैं, जो मुश्किल हालात के बावजूद अपने दम पर आगे बढ़ने का सपना देखती हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए साल 2009 में महज 5 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेती शुरू करने वाली मनदीप कौर आज करीब 40 एकड़ जमीन पर खेती कर रही हैं. वह खुद खेतों में मजदूरों के साथ काम करती हैं और खेती से होने वाली कमाई से परिवार की जिंदगी को बेहतर बनाने के साथ अपनी पहचान भी बनाई है.

2009 में 5 एकड़ जमीन से शुरू किया सफर
मनदीप कौर किसान परिवार से आती हैं. उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है. बचपन से ही वह अपने पिता के साथ खेतों में जाती थीं, जिसकी वजह से उन्हें खेती के काम की शुरुआती जानकारी मिल गई थी. शादी के बाद जब परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, तो उन्होंने सबसे पहले घर में पशु रखकर दूध का काम शुरू किया. इसके बाद उन्होंने खेती करने का फैसला लिया.

परिवार के पास करीब आधा एकड़ जमीन थी. ऐसे में साल 2009 में उन्होंने 5 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर धान और आलू की खेती शुरू की. शुरुआत में कई मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ता गया और आज वह करीब 40 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेती कर रही हैं.

30 एकड़ में आलू, बाकी जमीन पर दूसरी फसलें
मनदीप कौर करीब 30 एकड़ जमीन में आलू की खेती करती हैं. इसके अलावा बाकी जमीन पर धान, मूंग, मक्की और अलग-अलग सब्जियों की खेती करती हैं. उनका कहना है कि करीब 70 हजार रुपये प्रति एकड़ तक ठेके की रकम देने के बावजूद सही मेहनत और फसल प्रबंधन से खेती में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. वह खेत में सिर्फ निगरानी का काम नहीं करतीं, बल्कि मजदूरों के साथ खुद भी काम करती हैं. खेत में पानी लगाना, खाद डालना, दवाई का छिड़काव करना और दूसरे जरूरी कामों में वह खुद शामिल रहती हैं.

खेती की कमाई से खरीदे तीन ट्रैक्टर
मनदीप कौर ने बताया कि पिछले करीब 15 वर्षों में खेती से हुई कमाई से उन्होंने खेती के लिए जरूरी मशीनरी तैयार की है. उनके पास तीन ट्रैक्टर हैं. इसके अलावा उन्होंने खेती से जुड़ी दूसरी मशीनरी और एक थार गाड़ी भी खरीदी है. उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से परिवार के लिए अपना घर भी बनाया है. परिवार में उनके पति, एक बेटा और एक बेटी हैं. पति रेत के काम के साथ खेती में भी उनका सहयोग करते हैं. उनकी बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा 9वीं कक्षा में पढ़ता है. मनदीप कौर का कहना है कि वह अपने बेटे को भी खेती के काम सिखाएंगी, ताकि वह भविष्य में इस काम को आगे बढ़ा सके.

अपना खेत खरीदना है सपना
मनदीप कौर कहती हैं कि खेती ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका दिया है और उन्हें खेतों में काम करने में खुशी मिलती है. वह भविष्य में भी खेती जारी रखना चाहती हैं. उनका सपना है कि खेती से कमाई कर एक दिन अपनी जमीन खरीदें. उनकी कहानी बताती है कि मेहनत, हौसले और सही सोच के साथ सीमित संसाधनों से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement