Advertisement

MRI, PET जैसे महंगे टेस्ट भी होंगे आयुष्मान योजना में शामिल, मरीजों को अपनी जेब से नहीं देने होंगे पैसे

आयुष्मान योजना से जुड़े लोगों के लिए एक खुशखबरी है कि जल्द ही केंद्र सरकार योजना के अंतर्गत अलग-अलग टेस्ट का पैकेट बढ़ाने जा रही है. अब MRI या PET जैसे टेस्ट भी योजना के अंतर्गत किए जाएंगे.

Medical (Symbolic Image)
अभिषेक मिश्रा
  • लखनऊ,
  • 25 अप्रैल 2022,
  • अपडेटेड 5:55 PM IST
  • महंगे टेस्ट भी होंगे योजना में शामिल
  • 800 पैकेज की बढ़ेगी फीस

आयुष्मान योजना से जुड़े लोगों के लिए एक खुशखबरी है. दरअसल, सरकार आयुष्मान योजना में टेस्टिंग के लिए बजट बढ़ाने जा रही है. जिस कारण अब अब एमआरआई (MRI) और पीएटी (PET) स्कैन समेत कई महंगे टेस्ट फ्री में किए जाएंगे.

बात अगर उत्तर प्रदेश में आयुष्मान योजना की करें तो करीब छह करोड़ सदस्य इस योजना से जुड़े हैं. जिन्हें सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. वहीं, अब सभी तरह के रेडियोलॉजिकल टेस्ट का शुल्क भी इलाज के कुल पैकेज में जोड़ा जाएगा. इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी. 

महंगे टेस्ट नहीं हैं योजना में शामिल

आयुष्मान योजना के तहत रजिस्टर्ड मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा. टेस्टिंग के लिए बजट में बदलाव किया जा रहा है. अभी तक एक साल में रेडियोलॉजी टेस्टिंग पर 5000 रुपये की सीमा थी. ऐसे में मरीजों को एमआरआई, पीईटी स्कैन जैसे महंगे टेस्ट नहीं मिल पा रहे हैं. और लोग पैसे खर्च करके टेस्ट कराने को मजबूर हैं. 

अब मरीजों की परेशानी दूर करने के लिए सरकार मुफ्त जांच का दायरा और पैकेज बढ़ाने जा रही है. केंद्र सरकार इन पैकेजों की कीमत बढ़ाने जा रही है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने राज्यों को यह प्रस्ताव भेजा है और शर्त रखी गई है कि योजना का 40 प्रतिशत खर्च राज्य सरकार को वहन करना होगा. 

800 पैकेज की बढ़ेगी फीस

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के एक अधिकारी के मुताबिक करीब 800 पैकेज की फीस बढ़ जाएगी. इससे मरीजों के इलाज में कोई बाधा नहीं आएगी. वहीं, बीमारी के हिसाब से टेस्ट की फीस भी पैकेज में जोड़ी जाएगी. ऐसे में मरीजों को टेस्ट के लिए पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे.

गौरतलब है कि अब तक आयुष्मान पैकेज में रेडियोलॉजी के लिए पांच हजार रुपये का पैकेज तय किया गया था. इसमें परिवार के सदस्य साल में एक बार टेस्ट करवा सकते थे. आम तौर पर पांच से सात हजार रुपये में निजी तौर पर एमआरआई जांच की जा रही है. जबकि 11 से 15 हजार रुपये में पीईटी स्कैन होता है. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement