आज के समय में वजन कम करने के लिए लोग कई तरह की डाइट और एक्सरसाइज अपनाते हैं. लेकिन अगर आप बिना ज्यादा मेहनत के फिट रहना चाहते हैं, तो रोजाना पैदल चलना सबसे आसान और असरदार तरीका साबित हो सकता है. इसलिए 10 हजार कदम रोजाना चलने वाली बात कही जाती है.
सही स्पीड और लगातार चलने की आदत न केवल कैलोरी बर्न करती है, बल्कि शरीर को लंबे समय तक हेल्दी भी रखती है. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि केवल कदम गिनना ही काफी नहीं है, बल्कि सही खानपान और लगातार कोशिश करते रहना भी जरूरी हैं.
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि 1 किलो चर्बी में लगभग 7700 कैलोरी होती है. आम तौर पर 1000 कदम चलने से करीब 50 से 70 कैलोरी तक खर्च होती हैं. इसका मतलब है कि केवल पैदल चलकर 1 किलो चर्बी कम करने के लिए लगभग 1.28 लाख से 1.5 लाख कदम चलने पड़ सकते हैं. लेकिन यह काउंट हर व्यक्ति के वजन, उम्र, चलने की स्पीड और शरीर की बनावट के हिसाब से अलग हो सकती है.
अगर आपका फोकस धीरे-धीरे और हेल्दी तरीके से वजन कम करना है, तो रोजाना 10000 से 15000 कदम चलना अच्छा माना जाता है. इस रफ्तार से चलने पर लगभग 10 से 12 दिनों में 1 किलो तक चर्बी कम करने में मदद मिल सकती है. लेकिन यह तभी पॉसिबल है जब आप बैलेंस्ड डाइट लें और ज्यादा कैलोरी इनटेक न करें.
केवल चलने से ही तेजी से वजन कम नहीं होता. यदि आप रोजाना ज्यादा कैलोरी खा रहे हैं, तो सिर्फ कदम बढ़ाने से खास फायदा नहीं मिलेगा. वजन कम करने के लिए पैदल चलने के साथ बैलेंस्ड डाइट, अच्छी नींद, पानी और तनाव पर कंट्रोल भी जरूरी है.
रोजाना पैदल चलने से सिर्फ वजन ही कम नहीं होता, बल्कि दिल मजबूत रहता है. मांसपेशियां एक्टिव रहती हैं और मानसिक तनाव भी कम होता है. यह एक ऐसी एक्सरसाइज है जिसे लगभग हर उम्र का व्यक्ति आसानी से कर सकता है. नियमित रूप से चलने की आदत लंबे समय तक फिट और स्वस्थ रहने में मदद करती है.