डायबिटीज के मरीजों के लिए केवल खाना ही जरूरी नहीं, बल्कि सही समय पर खाना ज्यादा जरूरी है. जानकारी के अनुसार, यदि आप रोटी या चावल खाने से लगभग 20-30 मिनट पहले सलाद खाते हैं, तो इससे खाने के बाद होने वाला वाला ब्लड शुगर कम हो सकता है.
यह आदत काफी आसान है और शुगर के असर को भी धीरे-धीरे कम करती है. लेकिन यह याद रखें कि यह आदत शुगर से निजात नहीं दिलाती, बस केवल एक लाइफस्टाइल का हिस्सा है.
दरअसल सलाद में फाइबर काफी पाया जाता है. ऐसे में जब आप सबसे पहले सलाद खाते हैं, तो पेट में फाइबर की एक लेयर बन जाती है. इसके बाद खाई गई रोटी या दूसरा कार्बोहाइड्रेट वाले खाना डाइजेशन को स्लो कर देता है. इससे बॉडी में शुगर एकदम से नहीं बढ़ती और ब्लड शुगर का लेवल कंट्रोल में रहता है.
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि मेन मील शुरू करने से लगभग 20-30 मिनट पहले सलाद खाना फायदेमंद माना जाता है. इससे शरीर को पहले फाइबर मिलता है और बाद में कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे डाइजेस्ट होता है. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें टाइप-2 डायबिटीज है या जिनका ब्लड शुगर जल्दी बढ़ जाता है. लेकिन हर व्यक्ति की सिचुएशन अलग होती है, इसलिए अपनी डाइट में बड़ा चेंज करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
सलाद में आप खीरा, टमाटर, गाजर, मूली, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, प्याज और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल कर सकते हैं. इन्हें खाने से आपको विटामिन भी मिलते हैं. टेस्ट बढ़ाने के लिए थोड़ा नींबू और हल्का काला नमक डाल सकते हैं. कोशिश करें कि सलाद में ज्यादा नमक, मीठी ड्रेसिंग या तली हुई चीजें न मिलाएं, क्योंकि इससे इसके फायदे कम हो सकते हैं.
डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए केवल सलाद खाना ही काफी नहीं है. रेगुलर एक्सरसाइज, समय पर दवा लेना, नींद और बैलेंस्ड खाना भी उतने ही जरूरी हैं. साथ ही, समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच करवाते रहें ताकि आपको अपनी स्थिति की सही जानकारी मिलती रहे.