मुंबई में बाहर खाना खाने वालों की खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है. महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की जांच में मलाड पश्चिम के होटल राधा की रसोई में जिंदा चूहे और कॉकरोच मिले. रसोई में गंदे ड्रेनेज सिस्टम, जमा पानी, ग्रीस की परत और गंदे तरीके से रखी खाद्य सामग्री भी मिली. इसके बाद FDA ने होटल का फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
छत और खुले ड्रेनेज से रसोई में पहुंच रहे थे चूहे
FDA की टीम ने 18 अगस्त को होटल राधा की रसोई का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों को रसोई में कई जगह जिंदा चूहे दिखाई दिए. कुछ चूहे छत के पास थे, जबकि कुछ खुले ड्रेनेज सिस्टम के जरिए रसोई में आते पाए गए. रसोई के नाले खुले और खराब हालत में थे. इससे चूहों और कीड़े-मकौड़ों के लिए सीधे किचन में पहुंचने का रास्ता बना हुआ था. खाना तैयार करने वाले उपकरणों पर भी कॉकरोच पाए गए.
गंदे काउंटर से लेकर जंग लगे बर्तनों तक मिलीं खामियां
जांच के दौरान रसोई में सिर्फ कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी ही नहीं, बल्कि कई अन्य स्वच्छता संबंधी कमियां भी सामने आईं. किचन में तेल और ग्रीस की मोटी परत जमा थी. कुछ जगह पानी जमा होने से बदबू आ रही थी. काउंटर और बर्तन भी साफ नहीं थे. खाद्य सामग्री के स्टोरेज में भी लापरवाही मिली. कुछ सामग्री धूल और गंदगी के बीच रखी हुई थी. खुले डस्टबिन के ऊपर टोस्टर रखा मिला. कई बर्तनों पर जंग के निशान भी पाए गए.
FDA ने तत्काल रोक दी खाद्य गतिविधियां
इन खामियों को गंभीर मानते हुए FDA ने होटल राधा का फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिया. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत कार्रवाई करते हुए होटल में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और वितरण से जुड़ी गतिविधियों को तत्काल रोकने का आदेश दिया गया.
महाराष्ट्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई तेज
महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर हाल के दिनों में जांच और कार्रवाई बढ़ी है. मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में होटल, रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है. हालिया कार्रवाई में 31 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान करीब 25 लाख रुपए के खाद्य उत्पाद जब्त किए गए और पांच फूड लाइसेंस निलंबित किए गए.
ग्राहक की नजर मेन्यू पर, असली सुरक्षा किचन में
रेस्टोरेंट चुनते समय ग्राहक अक्सर स्वाद, कीमत, मेन्यू और सजावट देखते हैं. लेकिन खाने की असली सुरक्षा उस रसोई में तय होती है, जो आमतौर पर ग्राहकों की नजर से दूर रहती है. होटल राधा की जांच ने इसी सवाल को सामने ला दिया है कि रेस्टोरेंट की रसोई में रोजाना सफाई, खाद्य सामग्री का सही भंडारण और कीट नियंत्रण की व्यवस्था कितनी गंभीरता से की जा रही है. ऐसी खामियां सिर्फ स्वच्छता का मामला नहीं हैं, बल्कि सीधे खाद्य सुरक्षा से जुड़ी हैं.
ये भी पढ़ें