होली रंगों और खुशियों का त्योहार है. इस दिन लोग दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर जमकर जश्न मनाते हैं. लेकिन कई बार यही मस्ती अगले दिन भारी पड़ जाती है. देर रात तक पार्टी करना, ज्यादा शराब या भांग का सेवन और अनियमित खान-पान की वजह से अगली सुबह सिरदर्द, मतली, थकान, कमजोरी और चक्कर जैसी दिक्कतें होने लगती हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, अधिक शराब या भांग लेने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी हो जाती है, जिससे हैंगओवर की समस्या पैदा होती है. लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर हैंगओवर उतारा भी जा सकता है.
हैंगओवर की सबसे बड़ी वजह डिहाइड्रेशन है. इसलिए सबसे पहले शरीर में पानी की कमी पूरी करना जरूरी है. दिनभर थोड़ा-थोड़ा करके पानी पिएं. नारियल पानी भी बेहद फायदेमंद साबित होता है, क्योंकि इसमें प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स मौजूद होते हैं जो शरीर में खोए मिनरल्स की भरपाई करते हैं. जरूरत महसूस हो तो ओआरएस घोल भी लिया जा सकता है.
नींबू पानी से हैंगओवर को झटका
गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीना हैंगओवर में राहत देने का आसान तरीका है. नींबू में मौजूद विटामिन सी शरीर को ऊर्जा देता है और ताजगी महसूस कराता है. इससे मतली और सिरदर्द में भी आराम मिल सकता है. सुबह खाली पेट एक गिलास नींबू पानी पीने से पाचन बेहतर होता है और शरीर हल्का महसूस करता है.
फल हैं हैंगओवर में फायदेमंद
शराब के सेवन से शरीर में पोटेशियम का स्तर कम हो सकता है. ऐसे में केला खाना फायदेमंद रहता है, क्योंकि यह पोटेशियम का अच्छा स्रोत है और इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करता है. पपीता और अन्य ताजे फल भी शरीर को जरूरी पोषण और ऊर्जा प्रदान करते हैं. सुबह नाश्ते में दही के साथ केला लेना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
हर्बल टी से मिलेगा सुकून
तुलसी, पुदीना और सौंफ से बनी हर्बल चाय हैंगओवर कम करने में सहायक हो सकती है. यह शरीर को ठंडक देती है और सिरदर्द व पाचन संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद करती है. इसे बनाने के लिए एक कप पानी में तुलसी, पुदीना और सौंफ डालकर उबाल लें, फिर छानकर आराम से पिएं.