भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि रोज की आदत का हिस्सा है. सुबह उठते ही चाय, काम के बीच चाय और शाम को दोस्तों या परिवार के साथ चाय. कई लोगों के दिन में कई कप चाय शामिल होती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा चाय पीना शरीर के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है? हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार चाय पीने में सबसे जरूरी बात है कि चाय किस समय और कितनी पीते हैं?
चाय में कैफीन होता है, इसलिए इसकी क्वांटिटी उम्र और शरीर की जरूरत के अनुसार तय करना बेहतर है. किशोरों और युवाओं को आमतौर पर कैफीन वाली चाय को दिन में एक से दो कप पीना काफी होता है. वहीं स्वस्थ वयस्कों के लिए रोजाना करीब तीन से पांच कप ग्रीन टी सामान्य तौर पर ठीक मानी जाती है. हालांकि, तेज चाय को बार-बार पीना नुकसान पहुंचा सकता है.
बहुत ज्यादा चाय पीने से शरीर में कैफीन की मात्रा बढ़ सकती है. इससे नींद खराब होना, सिरदर्द, बेचैनी, घबराहट और पेट में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अगर आपको बिना किसी साफ वजह के नींद कम आ रही है या बार-बार बेचैनी महसूस होती है, तो दिनभर पी जाने वाली चाय की मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है.
खाली पेट चाय पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी और पेट में जलन की समस्या हो सकती है. इसलिए खासकर जिन लोगों को पहले से गैस या एसिडिटी रहती है, उन्हें खाली पेट चाय पीने से बचना चाहिए. इसके अलावा खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीने से शरीर में आयरन के अबसॉर्ब करने के तरीके पर असर पड़ सकता है.
गर्भवती महिलाओं को कैफीन की मात्रा को लेकर ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए. इस दौरान रोजाना कुल कैफीन की मात्रा सुरक्षित सीमा में रखना जरूरी है. इसलिए चाय के साथ कॉफी, ग्रीन टी और दूसरे कैफीन वाली ड्रिंक्स भी ध्यान में रखें.