कहने के लिए तो चावल वजन बढ़ाता है, लेकिन अगर इस तरह से खाया जाए तो वेट लॉस होगा.. जानिए क्या है तरीका

सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें फ्रिज में रखे ठंडे चावल खाकर वजन घटाने का दावा किया जा रहा है.

Rice For Weight Loss
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:00 AM IST

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में वजन कम करना एक बड़ी चुनौती बन गया है. कोई जिम का सहारा लेता है, तो कोई सख्त डाइटिंग अपनाता है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें फ्रिज में रखे ठंडे चावल खाकर वजन घटाने का दावा किया जा रहा है. पहली नजर में यह थोड़ा अजीब लग सकता है, क्योंकि आम धारणा यही रही है कि चावल वजन बढ़ाते हैं. लेकिन अब कहा जा रहा है कि सही तरीके से तैयार किए गए और ठंडे किए गए चावल वजन घटाने में मददगार हो सकते हैं. आइए समझते हैं इस ट्रेंड के पीछे की सच्चाई.

सोशल मीडिया पर कई लोग दावा कर रहे हैं कि बासी या ठंडे चावल खाने से वजन तेजी से कम होता है. कुछ लोग अपने अनुभव भी साझा कर रहे हैं, जिससे यह ट्रेंड और तेजी से फैल रहा है. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इसमें कुछ वैज्ञानिक आधार जरूर है, लेकिन इसे कोई जादुई उपाय समझना गलत होगा.

ठंडे चावल में क्या होता है खास
जब ताजे चावल खाए जाते हैं, तो उनमें मौजूद स्टार्च जल्दी पचकर शरीर में ग्लूकोज का स्तर तेजी से बढ़ाता है. लेकिन जब इन्हीं चावलों को पकाने के बाद ठंडा करके 12 से 24 घंटे तक फ्रिज में रखा जाता है, तो इसमें मौजूद स्टार्च का एक हिस्सा 'रेसिस्टेंट स्टार्च' में बदल जाता है. यह स्टार्च आसानी से पचता नहीं है, जिससे शरीर में कैलोरी कम अब्जॉर्ब होती है.

लंबे समय तक भरा रहता है पेट
रेसिस्टेंट स्टार्च फाइबर की तरह काम करता है. यह धीरे-धीरे पचता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है. इसका फायदा यह होता है कि बार-बार भूख नहीं लगती और आप कम मात्रा में भोजन करते हैं. यही आदत वजन कंट्रोल करने में मदद करती है.

वजन घटाने में कैसे सहायक
ठंडे चावल खाने से शरीर में शुगर धीरे-धीरे बढ़ती है, जिससे इंसुलिन का स्तर संतुलित रहता है. इसका असर यह होता है कि शरीर में फैट जमा होने की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है. साथ ही, यह गट हेल्थ को भी बेहतर बनाता है क्योंकि यह अच्छे बैक्टीरिया के विकास में मदद करता है. 

सही तरीके से कैसे खाएं
अगर आप इसका सही लाभ लेना चाहते हैं, तो चावल को सामान्य तरीके से पकाएं. पकने के बाद उसे ठंडा होने दें और फिर 12 से 24 घंटे के लिए फ्रिज में रखें. अगले दिन इसे हल्का गर्म करके खाएं. चाहें तो पकाते समय थोड़ा नारियल तेल भी मिला सकते हैं, जिससे रेसिस्टेंट स्टार्च की मात्रा बढ़ सकती है. ध्यान रखें कि चावल को ज्यादा गर्म न करें, वरना इसके गुण कम हो सकते हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED