गर्मियों में अक्सर पाचन से जुड़ी कई समस्याएं परेशानी की वजह बनी रहती है. वहीं सबसे आम समस्या है खाना खाते ही पेट का फूलना, जिसे आसान शब्दों में ब्लोटिंग भी कहते है. इसे बढ़ने से रोकने के लिए खानपान पर खास ध्यान देने की सलाह दी जाती है. तो चलिए आज आपको बताते हैं कुछ ऐसे उपायों के बारे में जिससे आपको ब्लोटिंग रोकने में मदद मिलेगी.
ब्लोटिंग के मुख्य कारण
पेट फूलने की समस्या ज्यादा खाने, खराब गुणवत्ता वाले भोजन और फूड इंटॉलरेंस के कारण हो सकती है. इसके अलावा जल्दी-जल्दी खाना खाने की आदत भी पाचन तंत्र पर असर डालती है. जब खाना ठीक से चबाकर नहीं खाया जाता, तो यह गैस और अपच की समस्या को बढ़ा सकता है.
प्रोबायोटिक्स का करें सेवन
गर्मियों में पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए दही जैसे प्रोबायोटिक्स बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. ये पेट के एंजाइम्स को नेचुरली एक्टिव करने में मदद करते हैं. रोजाना दोपहर के खाने में दही या छाछ को शामिल करने से शरीर में गुड बैक्टीरिया बढ़ते हैं और पाचन बेहतर होता है.
सौंफ का आसान उपाय
सौंफ पाचन के लिए बेहद लाभकारी होती है. रात में सौंफ को पानी में भिगोकर रखें और सुबह खाली पेट इसका सेवन करें. इससे एसिडिटी कम होती है और लिवर की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है.
हाइड्रेशन है जरूरी
शरीर में पानी की कमी भी पेट की समस्याओं का एक बड़ा कारण है. रोजाना 8 से 10 गिलास पानी पीना जरूरी है. साथ ही तरबूज, खरबूजा और खीरा जैसे फलों का सेवन करने से शरीर हाइड्रेट रहता है और फाइबर भी मिलता है.
तला-भुना खाने से बचें
तले-भुने और ज्यादा मसालेदार भोजन से पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है. इससे अपच और ब्लोटिंग की समस्या बढ़ती है. खासकर रात में भारी भोजन करने से बचना चाहिए.
अजवाइन और हींग का पानी
अजवाइन और हींग का पानी भी पेट के लिए फायदेमंद माना जाता है. रातभर भिगोकर सुबह इसका सेवन करने से गैस और ब्लोटिंग में राहत मिलती है.
ये भी पढ़ें: