Foot Care In Summer: पैर की स्किन पड़ी काली, रूखेपन से हो चुके परेशान.. तो घर पर ही करें पेडीक्योर, स्किन होगी एकदम सॉफ्ट

गर्मियों में अक्सर लोग ऐसे फुटवियर पहनते हैं जिससे स्किन काफी दिखती है. जिससे स्किन काफी डेड हो जाती है, साथ ही टैनिंग भी होती है. ऐसे में कुछ पेडीक्योंर से ये परेशानियां दूर हो सकती हैं.

Foot Care In Summer
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 22 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:52 PM IST

सर्दियों में लोग ज्यादातर समय जूते और मोजे पहनकर रखते हैं, जिससे पैर धूल-मिट्टी और धूप से बचे रहते हैं. लेकिन गर्मियों में खुले फुटवियर पहनने की वजह से पैरों पर टैनिंग, रूखापन और डेड स्किन जमा होने लगती है. धीरे-धीरे एड़ियां फटने लगती हैं और पैर बेजान नजर आने लगते हैं. अक्सर लोग चेहरे और हाथों की देखभाल तो कर लेते हैं, लेकिन पैरों को नजरअंदाज कर देते हैं. ऐसे में घर पर आसान तरीके से पेडीक्योर करके पैरों को साफ, मुलायम और खूबसूरत बनाया जा सकता है.

नमक और शैंपू से करें आसान पेडीक्योर
अगर पैरों में ज्यादा धूल-मिट्टी जमा हो गई है, तो नमक और शैंपू वाला पेडीक्योर काफी फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए एक टब में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा शैंपू और एक छोटा चम्मच नमक मिला दें. अब पैरों को करीब 10 से 15 मिनट तक पानी में डुबोकर रखें. इससे डेड स्किन नरम होने लगती है. 

इसके बाद फुट स्क्रबर, प्यूमिक स्टोन या पुराने टूथब्रश की मदद से एड़ियों और उंगलियों के आसपास हल्के हाथों से सफाई करें. फिर साफ पानी से पैर धोकर अच्छी तरह सुखाएं और आखिर में मॉइस्चराइजर या नारियल तेल लगाकर हल्की मसाज करें. इससे पैर साफ और फ्रेश महसूस होते हैं.

नींबू और बेकिंग सोडा से हटाएं टैनिंग
गर्मियों में पैरों की टैनिंग और कालापन दूर करने के लिए नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें और एक छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डाल दें. अब पैरों को करीब 10 मिनट तक इसमें भिगोकर रखें. इसके बाद मुलायम स्क्रबर से एड़ियों और तलवों को धीरे-धीरे साफ करें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर से स्क्रब न करें, वरना त्वचा छिल सकती है. बाद में पैरों को धोकर अच्छी तरह सुखाएं और फुट क्रीम लगा लें. इससे पैर साफ और चमकदार नजर आ सकते हैं.

गुलाब जल और दूध से पाएं मुलायम पैर
अगर आपके पैर बहुत ज्यादा रूखे और थके हुए महसूस होते हैं, तो गुलाब जल और दूध वाला पेडीक्योर अच्छा विकल्प हो सकता है. इसके लिए गुनगुने पानी में थोड़ा गुलाब जल और 2-3 चम्मच कच्चा दूध मिलाएं. अब पैरों को 15 मिनट तक इसमें डुबोकर रखें. इससे त्वचा नरम हो जाती है. इसके बाद प्यूमिक स्टोन से एड़ियों को हल्के हाथों से साफ करें. फिर पैरों को पोंछकर बादाम तेल या फुट क्रीम से मसाज करें. इससे पैरों में नमी बनी रहती है और थकान भी कम महसूस होती है.

पेडीक्योर करते समय इन बातों का रखें ध्यान
पेडीक्योर करते समय बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे त्वचा रूखी हो सकती है. पैरों को लंबे समय तक पानी में भिगोकर रखना भी सही नहीं माना जाता. स्क्रबर या प्यूमिक स्टोन को ज्यादा जोर से रगड़ने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है. पेडीक्योर के बाद पैरों में मॉइस्चराइजर या तेल जरूर लगाएं ताकि नमी बनी रहे. अगर पैरों में फंगल इंफेक्शन, सूजन या कोई घाव हो तो घरेलू पेडीक्योर करने से बचना चाहिए.

 

Read more!

RECOMMENDED