ईद का त्योहार खुशियों का त्योहार होता है. इस मौके पर लोग नए कपड़े खरीदते हैं, घर में स्वादिष्ट पकवान बनाते हैं और परिवार के साथ जश्न की तैयारी होती है. लेकिन इन सबके बीच चेहरे की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी हो जाता है. हर कोई चाहता है कि ईद के दिन उसका चेहरा एकदम साफ, ताजा और चमकदार नजर आए. कई लोग इसके लिए पार्लर जाते हैं. लेकिन अफसोस वहां पहले से ही कई और लोग अपना नंबर लगाए बैठे हैं. अच्छी बात यह है कि अब इसके लिए आपको महंगे पार्लर जाने की जरूरत नहीं है. आप घर की रसोई में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से भी आप अपनी त्वचा को नेचुरल निखार दे सकते हैं, और हर फोटो की चमक छीन सकते हैं.
बेसन, दही और हल्दी से करें स्किन क्लीन
भारतीय घरों में लंबे समय से बेसन, दही और हल्दी का इस्तेमाल त्वचा की सफाई के लिए किया जाता रहा है. बेसन में दही और एक चुटकी हल्दी मिलाकर तैयार किया गया लेप चेहरे की गंदगी हटाने और त्वचा को मुलायम बनाने में सहायक माना जाता है. इसके अलावा कच्चा दूध भी एक नेचुरल क्लींजर की तरह काम करता है. कॉटन की मदद से इसे चेहरे पर लगाने से त्वचा पर जमी धूल-मिट्टी और अतिरिक्त तेल को साफ करने में मदद मिल सकती है, जिससे चेहरा ताजा महसूस होता है.
डेड स्किन के लिए अपनाएं घरेलू स्क्रब
त्वचा को साफ और चमकदार बनाए रखने के लिए डेड स्किन हटाना भी जरूरी होता है. इसके लिए हल्का स्क्रब काफी फायदेमंद माना जाता है. घर पर कॉफी और शहद को मिलाकर बनाया गया स्क्रब त्वचा को एक्सफोलिएट करने में मदद कर सकता है. इसे हल्के हाथों से चेहरे पर मसाज करने से त्वचा स्मूद और साफ महसूस हो सकती है. इसके अलावा चावल के आटे और टमाटर के गूदे से बना पेस्ट भी त्वचा को हल्के तरीके से एक्सफोलिएट करने में मदद करता है.
गुलाब जल और एलोवेरा से पाएं फ्रेशनेस
फेशियल के दौरान त्वचा को टोन और फ्रेश बनाए रखने के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल काफी आम है. गुलाब जल में कुछ बूंदें नींबू के रस की मिलाकर लगाने से चेहरा तरोताजा महसूस कर सकता है. वहीं एलोवेरा जेल से हल्की मसाज करने से त्वचा को ठंडक और नमी मिलती है. इसके अलावा कुछ लोग चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए केले और हल्दी का फेस मास्क भी लगाते हैं.
पका हुआ केला त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मदद करता है, जबकि हल्दी को पारंपरिक रूप से त्वचा के निखार से जोड़ा जाता है. इसी तरह पपीता और शहद का मिश्रण भी फेस मास्क के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जो त्वचा को फ्रेश और ग्लोइंग बनाने में सहायक माना जाता है.
खूबसूरत त्वचा के लिए खानपान भी है जरूरी
सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं, बल्कि सही खानपान भी त्वचा की सेहत में अहम भूमिका निभाता है. ताजे फल, हरी सब्जियां, मेवे और सही मात्रा में पानी शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ त्वचा को भी स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. ऐसे में ईद की तैयारियों के बीच संतुलित आहार और सही स्किनकेयर रूटीन अपनाकर चेहरे पर प्राकृतिक निखार लाया जा सकता है. थोड़ा समय खुद की देखभाल के लिए निकालें और इस ईद अपने चेहरे की चमक से त्योहार की खुशियों को और भी खास बना दें.