फलों को हमेशा से स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना गया है और चीकू भी उन्हीं में से एक पौष्टिक फल है. स्वाद में मीठा और मुलायम यह फल सिर्फ खाने में ही अच्छा नहीं लगता बल्कि शरीर के लिए भी कई तरह से फायदेमंद माना जाता है. चीकू में कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं.
चीकू का नियमित सेवन हृदय और रक्त कोषिकाओं की सेहत को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है. इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम, आयरन, विटामिन ए, विटामिन सी और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को संतुलित रखने में मदद करते हैं.
दिल और ब्लड प्रेशर के लिए फायदेमंद
चीकू में मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम हार्ट हेल्थ के लिए काफी लाभकारी माने जाते हैं. पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर का खतरा कम हो सकता है. वहीं मैग्नीशियम रक्त कोषिकाओं को आराम देने में सहायक होता है और प्लाक जमा होने की संभावना को कम कर सकता है.
एनीमिया में भी मिल सकता है फायदा
आयुर्वेद में चीकू को पोषक फल के रूप में महत्व दिया गया है. जिन लोगों को खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या होती है, उनके लिए भी चीकू फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद आयरन और फोलिक एसिड शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में सहायक होते हैं. नियमित रूप से चीकू खाने से हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
किडनी को डिटॉक्स करने में मददगार
चीकू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं. इससे शरीर की सफाई प्रक्रिया बेहतर होती है और किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना कम हो जाती है. इसलिए संतुलित मात्रा में चीकू का सेवन किडनी के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है.
कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में सहायक
इस फल में फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है. जब खराब कोलेस्ट्रॉल कम होता है तो धमनियों में रुकावट बनने का खतरा भी कम हो जाता है और रक्त प्रवाह सामान्य बना रहता है.
पाचन तंत्र को भी करता है मजबूत
चीकू एक सस्ता, स्वादिष्ट और आसानी से मिलने वाला फल है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को सुधारने में मदद करता है और अपच, गैस या कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिला सकता है. नियमित रूप से सीमित मात्रा में चीकू का सेवन करने से पेट से जुड़ी कई समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है.