Advertisement

भारत

Mallakhamb Competition Jhansi News: मल्लखंभ के खंभे पर बच्चों की हैरतअंगेज कलाबाजियां, झांसी में 16 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने जमाया रंग, देखें तस्वीरें

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 अक्टूबर 2026,
  • Updated 4:41 PM IST
1/6

देश की पारंपरिक खेल विधाओं में शामिल मल्लखंभ को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और युवाओं को इस कला से जोड़ने के उद्देश्य से झांसी की प्रसिद्ध लक्ष्मी व्यायामशाला में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की मल्लखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में देश के 16 अलग-अलग राज्यों से 400 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया. तमिलनाडु, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मल्लखंभ पर अपनी कला, संतुलन, ताकत और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान खींचा.
 

2/6

समिति मेंबर माला मेहरोत्रा ने बताया कि जिस स्थान पर प्रतियोगिता आयोजित की गई, वह लक्ष्मी व्यायामशाला की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी व्यायामशाला लंबे समय से मल्लखंभ के प्रशिक्षण और इसे आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है. देश के अलग-अलग हिस्सों से बच्चों का झांसी पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि पारंपरिक खेल के प्रति आज भी युवाओं में उत्साह मौजूद है.
 

3/6

माला मेहरोत्रा के मुताबिक, मल्लखंभ केवल एक खेल नहीं, बल्कि शरीर और मन को मजबूत बनाने वाली पारंपरिक भारतीय कला है. इसमें खिलाड़ी को संतुलन, लचीलापन, एकाग्रता और शारीरिक शक्ति का बेहतरीन तालमेल दिखाना होता है. यही वजह है कि प्रतियोगिता में शामिल बच्चों ने कठिन अभ्यास और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मल्लखंभ की अलग-अलग विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां दीं. उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में जब बच्चे और युवा पारंपरिक खेलों से धीरे-धीरे दूर होते जा रहे हैं, ऐसे समय में मल्लखंभ जैसी विधाओं को प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है. उनका उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को इस पारंपरिक कला से परिचित कराना और उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ व मजबूत बनाने के लिए प्रेरित करना है.
 

4/6

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. अलग-अलग राज्यों से आए बच्चों ने मल्लखंभ पर कठिन अभ्यास से सीखी गई कलाबाजियां और शारीरिक कौशल प्रस्तुत किए. झांसी में एक साथ इतने राज्यों के खिलाड़ियों का जुटना प्रतियोगिता का खास आकर्षण रहा.
 

5/6

इसी आयोजन के दौरान प्रादेशिक विद्यालयीय प्रतियोगिताओं में भी झांसी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. बालक वर्ग में झांसी मंडल ने अंडर-17 और अंडर-19 में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में झांसी की खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
 

6/6

मल्लखंभ प्रतियोगिता ने यह संदेश भी दिया कि आधुनिक खेलों के बीच देश की पारंपरिक खेल विधाओं के लिए भी युवाओं में खासा उत्साह है. लक्ष्मी व्यायामशाला में देशभर से पहुंचे 400 से अधिक बच्चों की भागीदारी ने झांसी को मल्लखंभ के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में फिर सामने ला दिया.
 

Advertisement
Advertisement