Dog bite cases in Delhi: पिछले 6 महीने में दिल्ली में हुए डॉग बाइट के 47 हजार मामले, नगर निगम जल्द तैयार करेगी एक्शन प्लान

दिल्ली में डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं पर एमसीडी ने गंभीरता दिखाई है. डॉग बाइट की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार बैठकें हो रही है. पिछले दिनों दिल्ली नगर निगम की महापौर शैली ओबेरॉय ने अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें एक हफ्ते में एक्शन प्लान बनाकर देने को कहा है. ताकि डॉग्स के स्टरलाइजेशन को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सके.

पिछले 6 महीने में दिल्ली में हुए डॉग बाइट के 47 हजार मामले
पंकज जैन
  • नई दिल्ली,
  • 17 मार्च 2023,
  • अपडेटेड 12:52 PM IST
  • दिल्ली-एनसीआर आ हुए डॉग बाइट के मामले
  • 6 महीने में 47 हजार से ज्यादा डॉग बाइट के मामले

जिन्हें इंसानों का सबसे अच्छा दोस्त माना जाता है. जिनकी वफादारी की मिसाल दी जाती है. जब वही आपकी नींद उड़ाने लगे. जब पहरेदार की ही पहरेदारी करनी पड़े तो समझिये कि मामला कितना गंभीर है. डॉग बाइट के मामले देशभर में बढ़े हैं. इसे लेकर लोगों में दहशत भी बढ़ी है लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में मामला कुछ ज्यादा ही गंभीर है. इसलिए अब इस पर एक्शन शुरू हो गया है. एमसीडी की महापौर शैली ओबेरॉय लगातार इस पर बैठक कर रही हैं ताकि डॉग बाइट की बेलगाम घटनाओं का पक्का इलाज हो सके.

दिल्ली-एनसीआर आ हुए डॉग बाइट के मामले
पिछले कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर में डॉग बाइट के कई ऐसे मामले सामने आए जो रोंगटे खड़े करने वाले हैं. दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज की ये दर्दनाक घटना आप भूले नहीं होंगे. जहां पिछले हफ्ते ही एक ही परिवार के दो मासूम बच्चे डॉग बाइट के शिकार हुए और अपनी जान गंवा बैठे.

6 महीने में 47 हजार से ज्यादा डॉग बाइट के मामले
दिल्ली में डॉग बाइट की घटनाओं का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि. पिछले छह महीने में दिल्ली के दो बड़े सरकारी अस्पतालों में 47 हज़ार से ज्यादा डॉग बाइट के मामले आ चुके हैं. वहीं अगर पिछले कुछ सालों में इस तरह के मामलों पर नजर डालें तो एमसीडी के मुताबिक साल 2020 में 22,804, 2021 में 7,950 और साल 2022 में 13,690 डॉग बाइट की घटनाएं हुई.

एमसीडी ने की कार्रवाई
हालांकि एमसीडी का दावा है कि समय-समय पर इन घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई की गई है. इसी के चलते एमसीडी ने साल 2019-20 में 9,673, 2020-21 में 7,838 और साल 2021-22 में 6,280 डॉग्स पकड़े.

डॉग बाइट पर जल्द बनेगा एक्शन प्लान
लेकिन दिल्ली में पिछले कुछ महीनों में जिस तरह से डॉग बाइट की घटनाओं ने रफ्तार पकड़ी है, उससे एमसीडी की कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है. हालांकि वसंत कुंज की ताजा घटना के बाद डॉग बाइट का मुद्दा सियासत के केंद्र में भी आ गया है और एमसीडी ने भी इस पर सख्ती दिखाई है. दिल्ली नगर निगम की महापौर डॉ. शैली ओबेरॉय ने मंगलवार को सिविक सेंटर में अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई और इस तरह की घटनाओं से लोगों को बचाने के मुद्दे पर अधिकारियों से एक हफ्ते में एक्शन प्लान बनाने को कहा. 

डॉग कॉम्प्लेक्स बनाने का सुझाव
उधर BJP ने सुझाव दिया है कि दिल्ली के बाहरी इलाको में डॉग कॉम्पलेक्स बनाया जाए जहां स्ट्रीट डॉग्स को पकड़कर रखा जाए और इनकी आबादी ना बढ़े इसके लिए विशेष स्टरलाइजेशन अभियान भी चलाया जाए.

 

Read more!

RECOMMENDED