Advertisement

Shopkeeper Fraud in Banda: ढोंगी बाबा की करतूत! दुकानदार से बोला... बच्चा तुम ये अंगूठी उतारकर दे दो... मैं तुमको मालामाल कर दूंगा... जानें फिर क्या हुआ... क्यों Baba को खोज रही पुलिस?

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक ढोंगी बाबा की करतूत सामने आई है. यह बाबा एक दुकानदार को मालामाल करने का झांसा देकर उसकी अंगूठी लेकर रफूचक्कर हो गया है. पुलिस इस बाबा की तलाश कर रही है. आइए हम आपको  बताते हैं पूरा माजरा क्या है?

Symbolic Photo/AI
gnttv.com
  • बांदा ,
  • 18 जून 2025,
  • अपडेटेड 11:08 PM IST
  • यूपी के बांदा जिले में ढोंगी बाबा के झांसे में आया दुकानदार
  • पुलिस केस दर्ज कर मामले की कर रही जांच

पुलिस प्रशान की लाख कोशिश और जन जागरुकता अभियान चलाए जाने के बाद भी लोग ढोंगी बाबाओं के झांसे में आ जा रहे हैं. इन कथित बाबाओं के चक्कर में अपना पैसा गंवा रहे हैं. ऐसी ही एक घटना यूपी के बांदा जिले में देखने को मिली है. इस अजीबोगरीब घटना के बाद सभी लोग हैरान हैं. 

दरअसल, एक ढोंगी बाबा अपने एक सहयोगी के साथ मेडिकल स्टोर पर दवाई खरीदने गया था. वहां पर उसने दवाई खरीदने के बाद दुकानदार को मालामाल करने का झांसा दिया. ढोंगी बाबा दुकानदार को अंगूठी उतारकर देने को बोला. इस पर दुकानदार ने अपनी अंगूली से अंगूठी निकालकर दे दी. अंगूठी लेने के बाद ढोंगी बाबा उसे नोट में लपेटकर उसमे मंत्र पढ़कर फूंक मारा और सिंदूर लगाया.

इसके बाद बाबा दुकानदार को कुछ पैसे देकर 101 बार मंत्र जप करने को बोला. दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता, तब तक धीरे से बाबा रफूचक्कर हो गया. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी की सहायता से ढोंगी बाबा और उसके सहयोगी की तलाश शुरू कर दी है.

101 बार मंत्र पढ़ने को कहा... और फिर... 
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां के रहने वाले संतोष कुमार चौक बाजार में एक मेडिकल स्टोर खोले हुए हैं. पीड़ित संतोष ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति बाबा के भेष में दुकान पर आया. उसने दवा मांगी और पैसे दे दिए. इसके बाद उसने मुझसे दोनों अंगूठी उतारकर देने को कहा. मैंने दे दिया. बाबा ने दोनों अंगूठियों को 100 के नोट में लपेटा और मंत्र पढ़ता रहा. लाल सिंदूर लगाया. 

इसके बाद गुल्लक के पास आकर फूक मारता रहा. बाबा ने इसके बाद बाहर बुलाया और 110 रुपए दिया और 101 बार मंत्र पढ़ने के लिए कहकर कहा कि तुम्हारा कल्याण होगा. इसके बाद बाबा अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया. संतोष ने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बाबा रफूचक्कर हो गया. पीड़ित दुकानदार संतोष कुमार की शिकायत पर एसपी ने ढोंगी बाबा को खोजने के लिए तीन टीमों को लगाया है. पुलिस सीसीटीवी से तलाश कर रही है. बांदा के डीएसपी राजवीर ने बताया कि शहर कोतवाली के मर्दन नाका क्षेत्र के एक दुकानदार को भ्रमित कर कुछ अंगूठी ले गए हैं. इसके संबंध में तहरीर मिली है. इसमें सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. 

(सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट)
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement