Weather Forecast: देश में एक बार फिर मौसम खराब होने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 14 जून 2026 को दक्षिण भारत, उत्तर भारत, पूर्वी भारत से लेकर पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को बेवजह घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. किसानों, यात्रियों और मछुआरों को खास सतर्क रहने की जरूरत है. रविवार को आंधी और बारिश के दौरान कई जगहों पर आसमान बिजली गिरने, ओले गिरने की संभावना है. तेज आंधी से पेड़ भी उखड़ सकते हैं.
रविवार को इन राज्यों में आधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 14 जून को 19 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी है. रविवार को जिन राज्यों में आंधी-पानी की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, केरल, तमिलनाडु, त्रिपुरा और मेघालय शामिल हैं.
क्या दिल्ली-एनसीआर में होगी बारिश
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 14 जून को आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. आंधी-पानी के दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावन है. बारिश होने पर गर्मी से राहत मिलेगी.
यूपी में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश (यूपी) के कई जिलों में 14 जून को आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. रविवार को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें महादेव की नगरी काशी, गोरखपुर, प्रयागराज, बुलंदशहर, हरदोई, मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
बिहार के कई जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने 14 जून को बिहार के कई जिलों में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है. रविवार को जिन जिलों में आंधी-पानी की संभावना है, उनमें पटना, कैमूर, गया, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी शामिल हैं. बारिश के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. 14 जून को प्रदेश की राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
झारखंड में आंधी-पानी की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने झारखंड में 14 जून को बारिश और आंधी की संभावना व्यक्त की है. रविवार को रांची, बोकारो, जमशेदपुर, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, दुमका, धनबाद, पलामू और साहेबगंज में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.