Aaj Ka Mausam 15 May 2026: मौसम का डबल अटैक! कहीं चलेगी लू तो कहीं होगी बारिश, पढ़ें अपने राज्य का वेदर रिपोर्ट 

Weather Update: मौसम अपना दोहरा रूप दिखा रहा है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहीं लू चलने तो कहीं बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. यहां आप पढ़ सकते हैं कि आपके राज्य में 15 मई को मौसम कैसा रहेगा?

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:04 AM IST

Weather Forecast 15 May 2026: देशभर में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते पारा नीचे गिरा था लेकिन अब लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है. अगले कुछ दिन में तपिश बढ़ेगी. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहीं लू चलने तो कहीं बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. यहां आप पढ़ सकते हैं कि आपके राज्य में 15 मई को मौसम कैसा रहेगा?

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
पंजाब और हरियाणा में 15 मई को आंधी और बारिश का अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15 और 16 मई को हल्की बारिश हो सकती है.  15 से 17 मई को पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. दक्षिण भारत के कई राज्यों में 15 से 18 मई तक भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है. केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. पुडुचेरी और कराईकल में 19 मई तक भारी बारिश का अलर्ट है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 15 मई से गर्मी और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41°C तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दोपहर में तेज धूप निकलेगी और गर्म हवाएं चलेंगी. हालांकि आसमान में बादलों की थोड़ी बहुत आवाजाही से शाम को गर्मी से राहत मिल सकती है. 16 मई को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 17 मई से गर्मी और बढ़ेगी. इस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से पार जा सकता है. 18 और 19 मई को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 17 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कोंकण-गोवा में 15 और 16 मई को बारिश होने की संभावना है. महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 16 मई तक गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

यूपी में बढ़ेगी गर्मी 
उत्तर प्रदेश (यूपी) में पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी है लेकिन अब गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान तेज गति से बढ़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में पारा 40 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर जा सकता है. पश्चिमी यूपी में लू चलने की संभावना है. पूर्वी यूपी में उमस लोगों को परेशान करेगी. मौसम विभाग ने दोपहर के समय बहुत जरूरी हो तभी बाहर निकलने की सलाह दी है.

बिहार में मौसम का दोहरा रूप
बिहार में मौसम का दोहरा रूप देखने को मिलेगा. कुछ जिलों में बारिश होगी तो कई जिलों में लू चलने की संभावना है. शुक्रवार को पटना, गया और भागलपुर में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. कुछ जगहों पर शुक्रवार शाम के समय आंधी-बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 15 मई को पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.

 

Read more!

RECOMMENDED