IMD Weather Update: मॉनसून की विदाई के बाद भी देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका ने तटीय राज्यों की चिंता बढ़ा दी है. उधर दूसरी ओर, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में भी गुलाबी ठंड का असर महसूस होने लगा है.
25 अक्टूबर को इन 20 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और सिक्किम समेत कई राज्यों में मौसम खराब रह सकता है. कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 25 से 26 अक्टूबर के आसपास एक चक्रवाती प्रणाली के और मजबूत होने की संभावना है. इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ सकती है. इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 28 अक्टूबर को ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है. ओडिशा में 27 और 29 अक्टूबर को भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
अरब सागर में भी सक्रिय मौसमी प्रणाली
बंगाल की खाड़ी के अलावा दक्षिण-पूर्व अरब सागर और आसपास के लक्षद्वीप क्षेत्र में भी कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 और 25 अक्टूबर, जबकि केरल और माहे में 25 और 26 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. ऐसे में समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 25 अक्टूबर को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, सोनभद्र, चंदौली, आगरा, मथुरा, मिर्जापुर, बलिया, कानपुर, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में रविवार को बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में आंधी-पानी की संभावना
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में रविवार आंधी-पानी की संभावना व्यक्त की है. बिहार के पटना, भोजपुर, सिवान, सारण, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, खगड़िया, बेगूसराय और भागलपुर में बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी दी गई है. इन जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
झारखंड में 25 और 26 अक्टूबर को मौसम रहेगा खराब
झारखंड के रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, देवघर, गिरिडीह, दुमका, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू और सरायकेला समेत कई इलाकों में 25 और 26 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में यात्रा से पहले रहें सतर्क
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में रविवार को बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हिमाचल प्रदेश के सोलन, कांगड़ा, मंडी, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में बारिश और आंधी का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में मौसम बिगड़ने से सड़क यातायात प्रभावित होने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में पर्यटकों को यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए.
जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और आंधी की आशंका
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, अनंतनाग, किश्तवाड़, बडगाम, गांदरबल, डोडा, रामबन, शोपियां, जम्मू, बांदीपोरा और बारामूला समेत कई इलाकों में रविवार को बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
रविवार को पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान में भी मौसम बदलेगा. पश्चिम बंगाल के बीरभूम, दुर्गापुर, झारग्राम, हावड़ा, हुगली, मुर्शिदाबाद, अलीपुरद्वार और कलिम्पोंग में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पंजाब के बरनाला, पटियाला, लुधियाना, होशियारपुर, फरीदकोट, गुरदासपुर और जालंधर में भी बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, जालौर, सिरोही और पाली समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मध्य प्रदेश के भोपाल, धार, विदिशा, कटनी, श्योपुर, उज्जैन, मंदसौर और अशोकनगर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट है.