Weather Update 29  April 2026: रहें सतर्क! आज यूपी-बिहार सहित 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, घर से निकलने से पहले यहां जरूर पढ़ लें वेदर रिपोर्ट  

Aaj Ka Mausam 29  April 2026: भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर आंधी-बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को यूपी और बिहार सहित 15 राज्यों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में घर से निकलने से पहले यहां वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लें. 

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:26 AM IST

देश के कई राज्यों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को यूपी और बिहार सहित 15 राज्यों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली और वज्रपात गिरने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों से पूरी तर सतर्क रहने की अपील की है. जिन इलाकों में बारिश होगी, वहां के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. 

इन राज्यों में बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में 29 अप्रैल 2026 को बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और केरल शामिल है. जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है, उनमें से कई राज्यों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हवा चल सकती है.  आंधी-पानी से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम 
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में 29 अप्रैल को आंधी-पानी आने की संभावना है. बुधवार सुबह-सुबह दिल्ली-NCR का मौसम बदला नजर आया. तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के मुताबिक 30 अप्रैल और 2 और 3 मई तक दिल्ली में मौसम की करवट जारी रह सकती है.

यूपी में आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 29 अप्रैल से 2 मई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवा की संभावना है. यूपी में बुधवार से जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हापुड़, नोएडा, बलरामपुर, झांसी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गोरखपुर और देवरिया शामिल हैं. लखनऊ में 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

बिहार में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 29 अप्रैल से 1 मई के बीच आंधी और बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली,मुजफ्फरपुर, गया, नवादा, नालंदा, जहानाबाद,  सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, अरवल, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पटना में 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 29 अप्रैल से 3 मई के बीच आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है. 29 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, 29 से 30 अप्रैल और 3 मई को हिमाचल प्रदेश और 29 अप्रैल से 3 मई के दौरान उत्तराखंड के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है. देहरादून में 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मनाली में बुधवार को अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 

पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में कई जगहों पर 29 अप्रैल को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश,  मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण भारत में भी बारिश की संभावना 
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण भारत में कई जगहों पर बारिश की संभावना है. बुधवार को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. कई जगहों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी है.


 

Read more!

RECOMMENDED