Advertisement

AaJ ka Mausam 29 May 2026: बादल-बारिश और आंधी... मौसम का यू टर्न, यूपी-बिहार सहित 15 राज्यों में आज से बरसात का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

Weather Today 29 May 2026: देशभर के लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. 29 मई से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को यूपी, बिहार, झारखंड, पंजाब सहित 15 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 60 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं. यहां आप जान सकते हैं शुक्रवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Today
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:20 AM IST

देश के कई राज्यों के लोग पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू चलने से परेशान हैं. अब उनकी परेशानी दूर होने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD)  ने 29 मई 2026 के लिए मौसम का नया अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को यूपी, बिहार, झारखंड, पंजाब सहित 15 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 70 से 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं.  मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती संचरण और प्री-मॉनसून गतिविधियों के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में और आगे बढ़ा है. देश के 80 फीसदी हिस्से में 5 जून तक प्री-मॉन बारिश का संभावना है.

इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में 29 मई को आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें यूपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और असम शामिल हैं. बारिश के दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात और आसमानी बिजली गिरने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सालह दी है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार देर शाम हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.  बारिश से तापमान में तीन से सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 29 मई को आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक 31 मई तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

यूपी में 29 से 31 मई तक आंधी और बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 29 से 31 मई के बीच भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तेज आंधी, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.मौसम विभाग के मुताबिक अयोध्या, कानपुर, झांसी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, रामपुर, सीतापुर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, अलीगढ़, बहराइच, हमीरपुर, बांदा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर,कुशीनगर, बस्ती और ललितपुर में बारिश और आंधी आने की संभावना है. इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा. बारिश से तापमान में 8 से 10 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है. 

बिहार में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार में 29 और 30 मई को बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है. बारिश के दौरान हवा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें पटना, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं. 29 मई को पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने झारखंड में 29 और 30 मई को बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, उनमें रांची, सिमडेगा, लोहरदगा, पलामू, चतरा,सरायकेला, खूंटी, गुमला, लातेहार, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहेबगंज, धनबाद और हजारीबाग शामिल हैं. 29 मई को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement