Weather Forecast 5 May 2026: यूपी और बिहार से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक में पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है. लोगों को गर्मी से राहत मिली है. उधर, कुछ राज्यों में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को भी कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक 7 मई को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और बदलती हवाओं के कारण कई राज्यों में गुरुवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गुरुवार को हल्की बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक 7 मई और 8 मई को असम, मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मणिपुर में तेज बारिश की संभावना है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश का एक नया दौर शुरू होने वाला है. इसका असर आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी दिखेगा. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी एक-दो दिनों में बारिश होने की संभावना है. गुरुवार को तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवा के साथ बिजली भी कड़क सकती है. अगले 7 दिनों के दौरान इन राज्यों में भारी बारिश की भी संभावना है. उधर, पश्चिम राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, विदर्भ के कुछ हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र में गर्मी लोगों को परेशान करेगी. इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना है. गुरुवार को पंजाब और हरियाणा में गर्मी का असर तेज बना रहेगा. तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. गुजरात में अहमदाबाद, वडोदरा और राजकोट में प्रचंड गर्मी पड़ेगी.
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की रहेगी आवाजाही
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को बादलों की आवाजाही रहेगी. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में 7 मई को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. दिन के समय धूप और उमस से लोगों को परेशानी होगी. गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है.
यूपी में गर्मी का यूटर्न
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बादल झमाझम बरस रहे थे. इससे मौसम सुहावना हो गया था लेकिन फिर से गर्मी ने यूटर्न ले लिया है. गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा सहित कई शहरों में तेज धूप निकलेगी. धूप निकलने से तापमान में भी इजाफा होगा. पूर्वांचल के इलाकों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है. यूपी के एक-दो जिलों को छोड़कर 7 मई को अन्य जिलों में बारिश नहीं होगी. आसमान साफ रहेगा.
बिहार के कई जिलों में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कई जिलों में 7 से 10 मई तक बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. हालांकि गुरुवार के लिए IMD ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. आईएमडी के अनुसार गुरुवार को अररिया, किशनगंज, सुपौल और खगड़िया समेत कुछ जिलों में बादल छाने और रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना है.