देश के कुछ राज्यों में जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जून को 16 राज्यों में आंधी और भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उधर, मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों में मॉनसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेजी से बढ़ेगा.
इन जगहों पर बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 28 से 29 जून के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होगी. 28 जून को असम और मेघालय में बारिश होगी. रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
बड़े शहरों में आज तापमान कितना रहेगा
रविवार को देश के कई बड़े शहरों में तापमान अलग-अलग रहेगा. दिल्ली में अधिकतम 40°C और न्यूनतम 29°C, मुंबई में 33°C और 26°C, चेन्नई में 39°C और 29°C, कोलकाता में 36°C और 26°C, लखनऊ में 41°C और 29°C, पटना में 38°C और 30°C, रांची में 33°C और 23°C, भोपाल में 33°C और 24°C, जयपुर में 38°C और 29°C दर्ज हो सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 28 जून से 30 जून तक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है. इस दौरान कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अगले तीन दिनों में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. रविवार का दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
यूपी में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में जल्द ही मॉनसून दस्तक देने वाला है. उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. 28 और 29 जून को यूपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, वहीं कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है. जिन जिलों में रविवार और सोमवार को हिटवेव का अलर्ट है, उनमें वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर शामिल हैं.
बिहार में कब मॉनसून पूरी तरह होगा सक्रिय
बिहार में मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है. 28 जून से 30 जून के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में अगले कुछ दिनों में मॉनसून धीरे-धीरे सक्रिय होगा. 29 से 1 जुलाई के बीच उत्तर-पूर्वी बिहार में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. उधर, दक्षिण-पश्चिम बिहार में शुरुआती दो दिन हीटवेव का असर बना रह सकता है.
झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने झारखंड कई जिलों में 28 जून से 1 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. झारखंड में 28 जून को छिटपुट बारिश होने की संभावना है. 29 से 3 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. 30 जून से हजारीबाग, बोकारो में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मछुआरों को समुद्र में जाने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.