Aaj Ka Mausam 1O May 2026: यूपी-बिहार में आंधी-पानी, क्या आज दिल्ली-एनसीआर में होगी बारिश, जानें कहां और कैसा रहेगा मौसम?

Weather Forecast 10 may 2026:  मौसम विभाग ने 10 मई को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. यहां आप जान सकते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?  

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:07 AM IST

Weather Update: देश के कई राज्यों में मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं लू चल रही है. जहां बारिश हो रही है, वहां का मौसम सुहावना हो गया है लेकिन जहां लू चल रही है, वहां लोग गर्मी से परेशान हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 मई 2026 को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी भारत के राज्यों के लिए आंधी-पानी का विशेष अलर्ट जारी किया है. उधर, 10 से 15 मई के दौरान राजस्थान और गुजरात राज्य में और 12 और 13 मई को मध्य प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 10 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है. रविवार को दोपहर में कई जगहों पर तेज धूप निकलने और लू चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को गर्मी से परेशानी होगी. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 10 मई की शाम से मौसम में बदलाव होने की संभावना है. 12 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश (यूपी) का मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 12 से 14 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. 10 मई को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने आंधी-पानी का जिन जिलों में अलर्ट जारी किया है, उनमें मेरठ, नोएडा, अलीगढ़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थ नगर, सीतानगर, बिजनौर, बदायूं, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, गोंडा, महाराजगंज शामिल हैं. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

बिहार में बारिश-तूफान की चेतावनी 
मौसम विभाग ने बिहार में भी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 10 से 15 मई तक बिहार के कई जिलों में आंधी-पानी की संभावना जताई है. रविवार को पटना, गया, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार,  सहरसा, किशनगंज और औरंगाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 10 मई से 14 मई तक आंधी-बारिश की संभावना व्यक्त की है. उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, हिमाचल प्रदेश के जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, ऊना, सिरमौर और सोलन शामिल हैं. मनाली में रविवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 

पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने रविवार को पंजाब में जहां बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पंजाब में 10 से 14 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. पंजाब के जिन जिलों में बारिश हो सकती है, उनमें अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट, होशियारपुर, कपूरथला, बठिंडा, मोगा, तरन तारन, मुक्तसर और जालंधर शामिल है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. राजस्थान में 12 से 13 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने और लू चलने की संभावना है. भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 

 

Read more!

RECOMMENDED