Aaj Ka Mausam 19 April 2026: आज कहां चलेगी लू और किन राज्यों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, यहां पढ़ें पूरे देश का वेदर रिपोर्ट

Weather Update: मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं लू लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग ने रविवार को 13 राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 6 राज्यों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की है. यहां आप अपने यहां का मौसम का हाल जान सकते हैं.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:05 AM IST

Weather Forecast 19 April 2026: मौसम का मिजाज इस समय दो रंगों में नजर आ रहा है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं लू चल रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 अप्रैल दिन रविवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम , बंगाल सहित 13 राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 6 राज्यों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की है. कई जगहों पर ओले और बिजली गिरने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है. 

आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार रात को गरज-चमक के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. शनिवार को धूप छाई रही, जिससे लोगों को गर्मी का ऐहसास हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक तूफान की एक स्थिति बनी है, जो दिल्ली में पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ रही है. इसके प्रभाव से अगले कुछ घंटों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे. 19 अप्रैल को तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है. अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 

बिहार में बारिश तो यूपी में लू की चेतावनी 
मौसम विभाग ने 19 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में जहां बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, वहीं उत्तर प्रदेश (यूपी) में लू चलने की चेतावनी जारी की है. बिहार के जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. कई जिलों में धूप के बीच बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन किसी बड़े मौसमी गतिविधि को लेकर अलर्ट नहीं जारी किया गया है. बिहार में खराब मौसम के दौरान ठनका गिरने की भी संभावना है. उधर, उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़नी शुरू हो गई है. सूरज की तपिश से लोगों का हाल बेहाल है. बुंदलेखंड में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. अप्रैल महीने में ही बांदा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई है.

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19-20 अप्रैल, पूर्वी राजस्थान और ओडिशा में 19-22 अप्रैल और पश्चिमी राजस्थान में 21-22 अप्रैल को लू चलने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 19 अप्रैल और झारखंड में 20-21 अप्रैल को गर्म हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल पुडुचेरी और कराईकल में 19 से 22 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 19 अप्रैल और ओडिशा में 19 से 22 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 19 से 24 अप्रैल के बीच दिन का पारा 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. पूर्वी भारत में भी 19 से 21 अप्रैल के बीच तापमान 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी.

 

Read more!

RECOMMENDED