Today Weather 6 June 2026: गरजेंगे बादल... चमकेगी बिजली, आज 17 राज्यों में मूसलाधार बारिश, जानें यूपी-बिहार से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक कैसा रहेगा मौसम?

Storms And Rain Alert: आंधी और बारिश का दौर अभी जारी रहेगा. मौसम विभाग ने 6 जून 2026 को 17 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. यहां आप वेदर रिपोर्ट पढ़ सकते हैं.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:06 AM IST

केरल में मॉनसून पहुंच चुका है. उत्तर भारत में इसके पहुंचने में अभी समय लगेगा लेकिन अभी से कई राज्यों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यूपी, बिहार, झारखंड सहित 17 राज्यों में 6 जून 2026 को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जगहों पर बिजली कड़कने, वज्रपात और ओले गिरने की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. 

इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने 6 जून दिन शनिवार को 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में शनिवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश (यूपी), बिहार, झारखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल, असम और त्रिपुरा शामिल हैं. इन राज्यों में कई जगहों पर बारिश के दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 

क्या आज दिल्ली-एनसीआर में होगी बारिश 
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश होने के चलते गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने 6 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में 6 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 

यूपी के कई जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट 
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 6 जून को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, मेरठ, शाहजहांपुर, अलीगढ़, आगरा, जालौन, अमेठी, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़, चंदौली, आजमगढ़, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 

बिहार में 6 और 7 जून को भारी बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग ने बिहार में 6 जून और 7 जून को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, भभुआ, बक्सर, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सिवान, सारण, भोजपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनंगज, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और बेगूसराय शामिल हैं. शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

झारखंड में कैसा रहेगा वेदर 
मौसम विभाग ने झारखंड में 6 और 7 जून को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. झारखंड की राजधानी रांची, साहेबगंज, दुमका, हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, सरायकेला और पलामू में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 6 जून को रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

 

Read more!

RECOMMENDED