Advertisement

Aaj Ka Mausam 6 May 2026: रहें सावधान! आज आंधी-बारिश के साथ गिर सकते हैं ओले, जानें दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: देश के कई राज्यों में आंधी-पानी से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने 6 मई को 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना व्यक्त की है. यहां आप जान सकते हैं आपके यहां बुधवार को मौसम कैसा रहेगा?

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:07 AM IST

इस समय मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं आंधी चल रही है. जिन राज्यों में बारिश हो रही है, वहां के लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 मई को 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 

इन राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने 6 मई को जिन राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल है. इन राज्यों में बारिश के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. आंधी-पानी के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है. 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. 6 मई को कई जगहों पर आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बुधवार को मौसम में परिवर्तन से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बारिश और तेज हवाओं के चलते हवा की क्वालिटी में सुधार हुआ है. एक्यूआई गिरकर 100 से नीचे पहुंच गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आकंड़ों के मुताबिक एक्यूआई 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक माना जाता है. 

यूपी में आज बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने  6 मई को उत्तर प्रदेश (यूपी) के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. आंधी-पानी के चलते तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, बाराबंकी,  समेत उन्नाव, सीतापुर, खीरी, हरदोई, अमेठी, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलीगढ़, आगरा और मथुरा शामिल हैं. इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है. 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. लखनऊ में 6 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

बिहार-झारखंड में कब तक होगी बारिश 
बिहार और झारखंड के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है. आधी और बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया है, वहीं कई जगहों पर ओला गिरने और आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और झारखंड में बुधवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. बिहार के जिन जिलों में 6 मई को बारिश होने की संभावना है, उनमें कैमूर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, भागलपुर, खगड़िया, जमुई, बांका, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सुपौल, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी और सहरसा शामिल हैं.पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. झारखंड के जिन जिलों में 6 मई को बारिश होने की संभावना है, उनमें रांची, गिरिडीह, दुमका, धनबाद, बोकारो, कोडरमा और पलामू शामिल हैं. बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement