Advertisement

Aaj ka Mausam 2 July 2026: 19 राज्यों में आज आंधी के साथ होगी झमाझम बारिश, जानें दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: देश के अधिकांश राज्यों में मॉनसून सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 2 जुलाई को दिल्ली, यूपी, बिहार सहित 19 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. यहां आप जान सकते हैं गुरुवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:56 AM IST

IMD Alert Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों के लोग इस समय भीषण गर्मी से परेशान हैं. ऐसे लोगों को राहत मिलने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय हो गया है. IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके अगले दो दिनों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ और इलाकों में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. मौसम विभाग ने 2 जुलाई दिन गुरुवार क देश के 19 राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान  70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चलेगी. पूर्वी भारत में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद है. दक्षिण भारत के मराठवाड़ा, तेलंगाना, केरल, माहे, लक्षद्वीप और कर्नाटक में भी भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 2 जुलाई को कुछ जगहों पर हल्की और कई जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी आने की संभावना व्यक्त की है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और NCR में गुरुवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह और दोपहर के पहले हिस्से में कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है. हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. दिल्ली का गुरुवार को अधिकतम तापमान32°C से 34°C और न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है.

यूपी में आंधी-बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग ने 2 से 5 जुलाई के बीच यूपी के कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, मथुरा, बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, बदायूं, रामपुर, फिरोजाबाद, ज्योतिबाफुले नगर, बरेली, हरदोई, फतेहपुर, रायबरेली, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, कानपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी. लखनऊ में 2 जुलाई को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 

बिहार में आंधी-पानी का अलर्ट 
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 2 जुलाई 2026 को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, सहरसा, सुपौल, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में मूसलाधार बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. पटना में 2 जुलाई को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 

झारखंड में बारिश-तूफान की चेतावनी 
आईएमडी ने 2 से 4 जुलाई के बीच झारखंड के कई जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है. जिन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें रांची, जमशेदपुर, धनबाद, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, देवघर, पलामू, खूंटी, गुमला, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहेबगंज और हजारीबाग शामिल हैं. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. 2 जुलाई को रांची का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 जुलाई को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और ऋषिकेश शामिल हैं. 2 जुलाई को देहरादून में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. हिमाचल प्रदेश के जिन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें शिमला, मंडी, कांगड़ा, किन्नौर, सिरमौर, कुल्लू और ऊना शामिल हैं. गुरुवार को मनाली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement