Aaj Ka Mausam 26 March 2026: मौसम का फिर यू-टर्न! कहीं गरज-चमक के साथ बारिश-बर्फबारी तो कहीं आंधी का अलर्ट, घर से निकलने से पहले यहां पढ़ लें वेदर रिपोर्ट

Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक दो पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने और दक्षिणी हवाओं के प्रभाव के कारण 26 मार्च को देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवा चलेगी. कई जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं. ऐसे में घर से निकलने से पहले यहां आप वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लीजिए. 

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:50 AM IST

Weather Forecast 26 March 2026: मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 26 मार्च दिन गुरुवार से 30 मार्च 2026 तक यूपी, दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल प्रदेश सहित देश कई राज्यों में बारिश, आंधी और बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है. कई जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कहीं बारिश तो कहीं तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती है. ऐसे में लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. घर से निकलने से पहले यहां आप आईएमडी का वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लीजिए.

दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से मौसम बिगड़ने वाला है. गुरुवार, शुक्रवार, रविवार और सोमवार को अलग-अलग इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी. गुरुवार के दिन बादल छाए रहने की संभावना है. शाम या रात के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके साथ 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. मौसम विभाग के मताबिक 30 मार्च 2026 तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. आईएमडी के अनुसार आंधी-पानी के चलते अधिकतम तापमान नीचे गिर सकता है. बारिश होने से दिल्ली समेत समूचे एनसीआर की हवा साफ होगी. इससे लोगों को पॉल्यूशन से राहत मिलेगी

यूपी में कई जिलों में बारिश की संभावना 
उत्तर प्रदेश (यूपी) में पिछले दिनों हुई बारिश से तापमान में कमी आई है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. इसी बीच मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 26 मार्च से एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज होगा और उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू होगी और 29 मार्च तक रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. कई स्थानों पर आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है. आंधी-पानी और ओला गिरने से फसल को नुकसान हो सकता है. 

बिहार-बंगाल में ओले गिरने की चेतावनी
26 से 30 मार्च के बीच बिहार और बंगाल में बारिश होने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. इस दैरान तेज हवा चलेगी. बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 27 मार्च को ओले गिर सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी 
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 26 मार्च को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाओं के चलने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में कुल्लू, चंबा,  कांगड़ा और मंडी सहित 10 जिलों में 28 मार्च को आकाशीय बिजली कड़कने और कहीं-कहीं ओले गिरने के खतरे के बीच बारिश होने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर 26 से 30 मार्च के बीच बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू होने के अनुमान है. दो विक्षोभ के चलते ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश-बर्फबारी तो निचले भागों में सिर्फ बारिश होने का अलर्ट है.

दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में 26 मार्च से 30 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. गुरुवार को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

पूर्वोत्तर में आंधी-पानी की चेतावनी 
पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा. मौसम विभाग ने 26-27 मार्च को पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बादल छाने और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. सिक्किम में 26 और 27 मार्च को भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, असम, त्रिपुरा और मेघालय में 27 से 29 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना है.

 

Read more!

RECOMMENDED