Weather Forecast 29 March 2026: देश में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. आईएमडी ने 29 से 31 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. पहाड़ों पर विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट घोषित किया गया है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई तटीय भागों पर आंधी-तूफान और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में घर से निकलने से पहले यहां वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लीजिए.
13 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में 29 से 31 मार्च के बीच आंधी-पानी आने का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है. 28 से 30 मार्च के बीच पंजाब में तेज आंधी और भारी बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक 29 से 30 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
सिक्किम, नागालैंड, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के साथ मध्य प्रदेश में आंशिक तौर पर आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम या भारी बारिश हो सकती है. कई स्थानों पर ओले और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा. आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत में 30-31 मार्च तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बरकरार रह सकता है, जो 1-2 अप्रैल तक आंधी-बारिश की गतिविधियां करता नजर आएगा. हालांकि, इस बीच मौसम ब्रेक लेगा और बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिली नजर आ सकती है, लेकिन तापमान सामान्य रहेगा. बेमौसम बारिश से उत्तर भारतीय हिस्सों पर खेतों में खड़ी रबी की फसल में गेहूं, चने और सरसों को काफी नुकसान पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश होने की चेतावनी है. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में 29 मार्च को और तटीय कर्नाटक केरल और माहे में 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान बिजली गिरने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम रह सकता है खराब
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही के बीच धूप-छांव का खेल 29 से 31 मार्च तक जारी रहेगा. इस दौरान बारिश भी होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है. हवाओं की गति अच्छी होने और बारिश के कारण हवा की क्वालिटी में सुधार देखने को मिल सकता है. दिल्ली में 30 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. इस महीने के आखिरी दिन यानी 31 मार्च को भी बादलों का डेरा रहेगा. 1 और 2 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है.
यूपी में कहीं बारिश तो कहीं ओले गिरने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 29 मार्च से दूसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है. इसका असर पूरे प्रदेश में दिखाई दे सकता है. इसके प्रभाव से धूल भरी आंधी चलेगी और करीब 38 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. बारिश से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट होगी. मौसम विभाग के मुताबिक 29 से 31 मार्च के बीच यूपी के जिन जिलों में बारिश होगी, उनमें कानपुर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, बरेली, ज्योतिबाफुले नगर, हरदोई, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, फिरोजाबाद, एटा, बहराइच, गोंडा आदि शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 29 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश, 30 मार्च को पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, 31 मार्च को पश्चिमी-पूर्वी यूपी में आंधी-बारिश-ओलावृष्टि और 1 अप्रैल को पूर्वी यूपी में मेघ गर्जन के साथ बौछारे गिरने की संभावना है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 29 से 31 मार्च के बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 29 से 31 मार्च के बीच बिहार के पटना, बक्सर, गया, जहानाबाद, सिवान, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, बांका, जमुई, सहरसा, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, मुंगेर, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में बारिश होने की संभावना है. कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और ठनका व ओले गिरने की चेतावनी है.