Weather Report Today: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से तप रहे राज्यों में बारिश ने राहत दी है. दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 मई 2026 को 10 राज्यों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है. ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. घर से निकलने से पहले यहां वेदर रिपोर्ज जरूर पढ़ लीजिए.
इन राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 31 मई दिन रविवार को 10 राज्यों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में रविवार को बारिश और आंधी आने की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, ओडिशा और पंजाब शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. तेज हवा चलने की संभावना है. IMD के मुताबिक बारिश और बादलों की वजह से तापमान में और गिरावट हो सकती है. मौसम विभाग ने 1 जून को बारिश के साथ आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिनों से बदला हुआ है. आंधी-पानी से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने 31 मई और 1 जून को यूपी के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंट की रफ्तार से हवा चल सकती है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है. लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 20 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है. अगले तीन दिनों तक राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
बिहार में आंधी-पानी की चेतावनी
बिहार में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. बिहार के कई जिलों में 31 मई को भी मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को पटना, भागलपुर, राजगीर, सिवान, मधेपुरा, कटिहार सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई है. बिहार की राजधानी पटना में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
झारखंड में मूसलाधार बारिश की संभावना
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान वज्रपात की संभावना है. 1 जून और 2 जून को भी राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 31 मई से 4 जून तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान ओलावृष्टि की संभावना है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है.
पंजाब और राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 मई को पंजाब और राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है. पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. राजस्थान में आंधी और पानी से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. उधर, पंजाब के जिन जगहों पर रविवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें चंडीगढ़, मोहाली, होशियारपुर, गुरदासपुर, खरड़, पठानकोट, रूपनगर और एसबीएस नगर शामिल हैं.