Advertisement

Weather Update: दिल्ली में बादल... यूपी-बिहार और झारखंड में आंधी-पानी, संडे और मंडे को 9 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने यहां का मौसम का हाल

Aaj Ka Mausam 5 April 2026: जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने 5 अप्रैल से लेकर 8 अप्रैल तक देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है. ऐसे में घर से निकलने से पहले यहां वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लीजिए.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:27 AM IST

Weather Forecast 5 April 2026:  देश के कई राज्यों में आंधी-पानी और बारिश का दौर अप्रैल के महीने में भी जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी-हवाई चक्रवाती परिसंचरण के चलते जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अभी मौसम खराब रहेगा. आईएमडी ने 5 अप्रैल से लेकर 8 अप्रैल तक देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है. संडे और मंडे को 9 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. मौसम विभाग ने खराब मौसम से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. 

आज और कल दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अभी मौसम का मिजाज बदला ही रहेगा. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 5 और 6 अप्रैल को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. हालांकि बारिश नहीं होगी. अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.  न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से आंधी-बारिश की चेतावनी दी है. 

उत्तर प्रदेश में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 5 अप्रैल को भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते यूपी में 5 से 8 अप्रैल तक मौसम बिगड़ा हुआ रहेगा. मौसम विभाग ने 5 से 8 अप्रैल के बीच लखनऊ, कानपुर, झांसी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, महामायानगर, हमीरपुर, महोबा और हरदोई में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी. 

बिहार-झारखंड में आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग ने 5 से 7 अप्रैल के बीच बिहार और झारखंड के कई जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है. कई जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात की संभावना है. बिहार में 5 अप्रैल को पटना, कैमूर, गया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, गया, रोहतास और औरंगाबाद में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने झारखंड की राजधानी रांची सहित गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, चतरा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने 5 से 7 अप्रैल के बीच राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. राजस्थान में नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की संभावना है. राजस्थान में 5 से 7 अप्रैल के बीच जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आंधी-तूफान आने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी है. उधर, मध्य प्रदेश में 5 अप्रैल को महाकौशल और बुंदेलखंड क्षेत्रों में मौसम सबसे अधिक खराब रहेगा. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना है. 5 से 6 अप्रैल के बीच रीवा, दतिया, भिंड, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल और छिंदवाड़ा में बारिश की संभावना है. 6 से 7 अप्रैल के दौरान ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्रों में बादलों का असर बना रहेगा.

पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी 
जम्मू-कश्मीर में 5 से 7 अप्रैल के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. 8 से 9 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश, बर्फबारी हो सकती है. उत्तराखंड में भी 5 से 8 अप्रैल के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कुछ जिलों में बारिश भी रुक-रुक कर होती रहेगी. हिमाचल प्रदेश में 5 अप्रैल को शिमला, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ पर्वतीय इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम 
भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक केरल और माहे में 5 से 7 अप्रैल के दौरान बारिश होने की संभावना है. कर्नाटक और तेलंगाना के कई जिलों में 5 से 8 अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी में 5 से 8 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 8 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement