Weather Forecast 6 March 2026: उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों से लगभग सर्दी जा चुकी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 6 मार्च 2026 को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के विविध रूप देखने को मिलेंगे. पहाड़ी राज्यों में जहां बर्फबारी और बारिश का अलर्ट है तो वहीं दिल्ली-एनसीआर सहित कई मैदानी राज्यों में पारा चढ़ने से गर्मी का अहसास बढ़ने वाला है. आईएमडी ने अगले 24 घंटे में 9 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन जगहों पर बारिश होगी वहां तापमान में थोड़ी कमी आएगी.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, ओडिशा, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं. जम्मू-कश्मीर में 11 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 से 11 मार्च तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम 8 से 11 मार्च के बीच तेज बारिश का अलर्ट है. पश्चिम बंगाल और झारखंड में 8 और 9 मार्च को बारिश होने की संभावना है. बिहार में 11 मार्च को बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में 8 से 11 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा. कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. आईएमडी के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दिल्ली में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाएगी. 6 मार्च से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा. दिल्ली में शुक्रवार दोपहर में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
यूपी में खिलेगी धूप, बिहार में छाएंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक 6 मार्च को उत्तर प्रदेश में जहां धूप खिलेगी तो वहीं बिहार में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे. यूपी में शुक्रवार को कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा. प्रयागराज, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, फतेहपुर आदि में पारा और ऊपर चढ़ेगा. उधर, बिहार में शुक्रवार को कई जगहों पर बादल तो छाए रहेंगे लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है. 11 मार्च को कुछ जिलो में बारिश हो सकती है. जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें अररिरया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और खगड़िया शामिल हैं. पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 6 मार्च को तो बारिश नहीं होगी लेकिन 8 मार्च से लेकर 11 मार्च के दौरान कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है उनमें देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्र प्रयाग आदि शामिल हैं. देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हिमाचल प्रदेश में 8 से 11 मार्च के बीच शिमला, मनाली, कांगड़ा, चंबा और मंडी में बारिश होने की संभावना है. मनाली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल में 8 मार्च से 11 मार्च तक बारिश हो सकती है. जिन जिलों में बारिश का अलर्ट है, उनमें दार्जिलिंग, हुगली, मालदा, मुर्शिदाबाद शामिल हैं. कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा. झारखंड में 9 मार्च से बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश होगी उनमें रांची, पलामू, हजारीबाग और कोडरमा शामिल हैं. रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा.