Advertisement

Kalkaji Murder Case: हिन्दुओं की आस्था पर हमला... असली वजह भाजपा सरकार, कालकाजी मंदिर के पुजारी की हत्या पर जमकर बरसी AAP

दिल्ली में कालकाजी के पुजारी की हत्या को लेकर आप ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. आप विधायक अनिल झा ने कहा कि ये हिन्दुओं की आस्था पर हमला है. इस हत्या की असली वजह बीजेपी सरकार है. आम आदमी पार्टी के विधायक ने कहा कि ये दिल्ली पुलिस की नाकामी है. दिल्ली में चार इंजन की भाजपा सरकार होने के बावजूद कानून व्यवस्था का बुरा हाल है.

आप विधायक अनिल झा
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अगस्त 2025,
  • अपडेटेड 6:54 PM IST

दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पुजारी की हत्या को लेकर आप ने भाजपा सरकार की नाकामी पर सवाल उठाए हैं. इसको लेकर शनिवार के आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. आप विधायक ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार होने के बावजूद कालकाजी मंदिर के एक पुजारी की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई. यह सिर्फ हत्या नहीं बल्कि हमारी आस्था पर भी हमला है. अनिल झा ने रेखा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, यह सब भाजपा सरकार-दिल्ली पुलिस की नाकामी की वजह से हुआ है. भाजपा कानून व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह फेल है. 

AAP का BJP पर हमला

शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने कहा कि वैसे तो देश भर में भाजपा धार्मिंक उन्माद फैलाती है लेकिन दिल्ली में धर्म की रक्षा कर रहे पुजारी की जान नहीं बचा पाई. दिल्ली में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. कानून व्यवस्था अक्षम लोगों के हाथों में होने की वजह से हत्या, लूटपाट, चोरी और रेप की घटनाएं बढ़ रही हैं.

आप हेडक्वार्टर पर अनिल झा ने कहा कि दिल्ली की बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी बेहद चिंतित है. केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है. एमसीडी, कैंटोमेंट बोर्ड, एनडीएमसी, डीडीए ओर एलजी सब भाजपा के अधीन है. अनिल झा ने बताया कि भाजपा खुद को धर्म का सबसे बड़ा पैरोकार मानती है. मंदिरों के लिए आंदोलन, मंदिरों को बचाने और पुजारियों के रख-रखाव का प्रयास करती रही है. इसके बावजूद आज देश की राजधानी दिल्ली में ऐसी स्थिति बन गई है कि भाजपा सरकार की इंटेलिजेंस फेल नजर आ रही है. 

भाजपा सरकार की नाकामी

इस घटना को लेकर विधायक अनिल झा ने कहा कि नई दिल्ली से सिर्फ 6-7 किलोमीटर दूर कालकाजी का एक फेमस मंदिर है. दुर्गा पूजा के दौरान कालकाजी मंदिर में हजारों-लाखों लोग दर्शन करने के लिए आते हैं. भाजपा दिल्ली में हमेशा कानून व्यवस्था पुख्ता होने का दावा करती रही है. इसके बावजूद कालकाजी मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या कर दी गई. उन्होंने कहा, यह घटना सिर्फ चिंता का विषय नहीं है बल्कि भाजपा सरकार की विफलता है. दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस, स्थानीय सूचना तंत्र ने घटना का अंदेशा होने के बावजूद सुरक्षा में ढील रखा और कालकाजी मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी गई. यह मामला बेहद हैरान करने वाला है.

अनिल झा ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े करते हुए कहा, अभिषेक धारिया पूर्वी दिल्ली के डीसीपी हैं. 25 लाख रुपए की फिरौती को लेकर प्रेस कांफ्रेंस करने के दौरान अभिषेक धारिया ने कहा कि लॉरेंस विश्नोई साहब का इसमें नाम आया है. यह दिल्ली पुलिस का मानसिक दिवालियापन है. दिल्ली की कानून व्यवस्था अक्षम लोगों के हाथ में है. विधायक ने कहा कि एक तरफ भाजपा कहती है कि वह धार्मिक आस्था पर पीछे नहीं हट सकती और दूसरी तरफ भाजपा के ही राज में मंदिर का पुजारी, गुरुद्वारे का ग्रंथी और मस्जिद का मौलाना, गिरजाधर का पादरी सुरक्षित नहीं है. तो क्या भाजपा उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक मजबूत कानून व्यवस्था का सिर्फ झूठा ढिंढोरा पीट रही है?

दिल्ली विधानसभा के सदस्य अनिल झा ने कहा, कालकाजी की घटना हमारी आस्था पर हमला है और दिल्ली पुलिस की नाकामी है. यह घटना बताती है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. कानून का अपराधियों में कोई डर नहीं है और दिल्ली पुलिस अपराधियों में कानून का डर पैदा नहीं कर पा रही है. दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे लगा रही है. ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है. इसकी भाजपा को चिंता नहीं है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था के चलते लूटपाट, चोरी, महिलाओं के साथ अत्याचार और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. दिल्ली की मजबूत कानून व्यवस्था सिर्फ कागजों में सिमट कर रह गई है. 

कानून व्यवस्था खराब

दिल्ली के विधायक अनिल झा ने कहा, आज दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति यह है कि रात 12-1 बजे कोई महिला कार से भी जा रही हो तो वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती है. एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें दो महिलाएं बात करते हुए सुनी जा रही हैं कि दिल्ली में रात के 12 से 2 बजे के बीच अगर कोई दो बहनें भी बाहर निकलती हैं तो इस कानून व्यवस्था के साथ वह सुरक्षित नहीं हैं. विधायक ने कहा कि महिलाओं में बैठा ऐसा डर भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. दिल्ली में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो रही है और जमीन पर कानून व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है लेकिन इससे दिल्ली पुलिस अनभिज्ञ है. 

प्रेस वार्ता के दौरान अनिल झा ने कहा, आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के साथ खड़ी है. सभी से अपील करती है कि बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से लड़ने हमें एकजुट होकर खड़ा रहना है. भाजपा और उसकी सरकार को धिक्कार है. पहले भाजपा वाले एक अन्य पार्टी पर आरोप लगाते थे कि वह पार्टी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी बोलते थे. अब तो भाजपा भी गैंगस्टर को साहब बुला रही है. दोनों में फर्क क्या रह गया है? धार्मिक उन्माद के साथ आगे बढ़ना भाजपा का काम हो सकता है, लेकिन धर्म की रक्षा के लिए मंदिर में पूजा पाठ करने वाला एक समान्य पुजारी की रक्षा नहीं कर सकती है. कालकाजी की घटना भाजपा पर तमाचा है और कानून व्यवस्था बौनी साबित हो गई है. 

अनिल झा ने कहा कि दिल्ली पुलिस को राजनीतिक दबाव में नहीं आना चाहिए. क्योंकि भाजपा के लोग इस केस को घुमाने की कोशिश करेंगे. घटना को व्यक्तिगत रंजिश बताने की कोशिश करेंगे. दिल्ली में भाजपा के पास चार इंजन हैं. कानून व्यवस्था उसके हाथ में है फिर भी मंदिर के पुजारी की हत्या कैसे हो गई? इसके बाद भी भाजपा से सवाल कैसे नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, पूरी दिल्ली के लोगों को मंदिर के पुजारी को न्याय दिलाने की लड़ाई में खड़ा होना पड़ेगा. आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है. दिल्ली पुलिस की विफलता के चलते यह घटना हुई है. केंद्र सरकार दिल्लीवालों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है. आज हमारे नागरिक न तो बॉर्डर पर सुरक्षित हैं और ना ही देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षित हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement