मार्च का आधा महीना बीतते-बीतते देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. एक ओर जहां तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है और गर्मी का असर महसूस होने लगा है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में बादल भी सक्रिय हो गए हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिल सकता है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मार्च के साथ ही गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दिन के दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं 15 मार्च को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.
यूपी और बिहार में चढ़ेगा पारा
उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है. बिहार में भी धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ता हुआ महसूस किया जा रहा है और तापमान में वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं.
राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
राजस्थान में दिन के समय गर्मी और हल्की उमस का असर बढ़ने लगा है. हालांकि 14 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पहाड़ी राज्यों में आंधी-ओलों का खतरा
15 और 16 मार्च के आसपास पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और उससे सटे मैदानी इलाकों में मौसम खराब हो सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.