Advertisement

ससुराल के गेट पर बहू का 10 घंटे लंबा धरना, आखिर में पुलिस को देना पड़ा दखल.. जानें आखिर क्या है मामला?

मायके से लौटी महिला को नहीं मिला घर में प्रवेश, तो कई घंटे वह बैठी रही धरने पर. महिला का कहना कि ससुराल वाले मांग रहे है पैसे. पुलिस के दखल के बाद ससुराल के घर में जा पाई महिला.

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 11:18 AM IST

इटावा में एक मामला सामने आया, जहां बहू को घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया. जिसके बाद बहू घर के बाहर बोरी बिस्तर लेकर कड़ाके की ठंड में करीब दस घंटे धरने पर बैठी रही. इस दौरान वह ससुरालियों से दरवाजा खोलने की मिन्नतें करती रही, लेकिन ससुरालजन घर के अन्दर से ताला लगाकर बैठे रहे. 

क्या है मामला?
दरअसल पति-पत्नी के बीच करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है. इसी के चलते बहू को ससुराल पक्ष घर में रखने से इनकार कर रहे थे. इस सब के बीच उसे बीती मंगलवार रात को घर से बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद वह करीब वहां 10 घंटे तक धरने पर बैठी रही और घर वालों से दरवाजा खोलने की गुजारिश करती रही. 

लेकिन ससुराल पक्ष ने घर का दरवाजा नहीं खोला. जिसके बाद महिला ने 112 पर पुलिस को शिकायत दी. शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ससुराल पक्ष को समझाकर महिला का घर में प्रवेश करवाया. 

कब का है मामला?
बीती मंगलवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय ममता वर्मा पत्नी नितिन वर्मा अपने मायके से दोपहर दो बजे अपने ससुराल पहुंची. लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे घर में दाखिल होने नहीं दिया. काफी देर तक गिड़गिड़ाने के बावजूद ससुरालियों ने घर का दरवाजा नहीं खोला. जिसके बाद ममता घर में दरवाजे पर धरने पर बैठ गई. 

जैसे-जैसे समय गुजरता गया ठंड बढ़ती चली गई पीड़ित महिला सर्द हवाओं के बीच सूनसान गली में देर रात तक बैठी रही. पीड़ित ममता जब परेशान होकर थक गई तो उसने डायल 112 पुलिस को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सास और बहू दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद समझा बुझाकर मामला सुबह तक के लिए शांत करवाया और बहू को उसके ससुराल के अंदर भेजा.

क्या कहना है ससुराल पक्ष का?
सास रानी वर्मा पत्नी अशोक वर्मा ने पुलिस को बताया, "बड़े बेटे की बहू से न्यायालय में केस चल रहा है. मेरा बेटा बाहर नौकरी करता है यह कुछ कर लेने की धमकी देती है, इसलिए इसको घर के अंदर नहीं बुला रहे. अगर इसने कुछ कर लिया तो आखिर कौन जिम्मेदारी कौन लेगा." 

वहीं पीड़ित ममता वर्मा ने बताया, "मेरे पति दिल्ली में किसी कम्पनी में एच आर मैनेजर है. मेरी दो साल पहले शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में दस लाख की मांग कर रहे थे, इन लोगों ने तलाक़ का केस कर रखा है, तो हमने भी केस किया. अब मुझे घर से भी निकाल रहे है. मेरे पति मेरा फोन नहीं उठाते, किस कंपनी में नौकरी करते है यह भी नहीं बताया, मैं यहां बैठी हूं कहीं नहीं जाऊंगी".

-अमित तिवारी की रिपोर्ट

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement