Advertisement

Alwar News: प्लाजा पर कटा गाड़ी का टोल, पैसे कटने से गुस्साया कार चालक, लाठी-डंडे से कर दी टोल प्लाजा के मुनीम की पिटाई

टोल कटने की घटना को लेकर अलवर में मामला इतना बढ़ गया कि गाड़ी सवार युवकों ने लाठी-डंडे बरसा दिए. टोल कर्मियो ने टोल के पैसे तक वापस करने की बात कही लेकिन बात वहां नहीं ठहरी और मारपीट पर आकर ही पूरी हुई.

घटना के बारे में बताते टोल कर्मी
हिमांशु शर्मा
  • अलवर,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:42 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले के अलवर बहरोड सड़क मार्ग पर डेहरा शाहपुर टोल प्लाजा पर बीती रात जमकर बवाल काटा गया. दरअसल फास्ट टैग से टोल के पैसे कटने पर कार सवार युवकों ने अपने साथियों के साथ टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया. 

प्लाजा पर युवकों ने लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान विवाद बढ़ने पर उन्होंने टोल के मुनीम व टोल कर्मियों के साथ भी मारपीट की. टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश युवकों की हरकत कैद हो गई. 

फास्ट टैग से टोल कटने पर गुस्साया युवक

डेहरा शाहपुर टोल प्लाजा पर रविवार रात फास्ट टैग से टोल शुल्क कटने को लेकर विवाद हो गया. मामले में टोल मुनीम भगत सिंह ने बताया कि पास के गांव की एक गाड़ी टोल पर पहुंची. टोल पर लगी फास्ट टैग मशीन से गाड़ी का ऑटोमेटीक टोल शुल्क कट गया था. 

जैसे ही पैसे कटने का मैसेज आया, कार में बैठे लोगों का पारा चढ़ गया और वो बहस पर उतर आए. इस दौरान टोल कर्मियों ने टोल की राशि वापस देने की बात भी कही, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.

फोन कर बुलाए गुंडे, मुनीम के साथ हुई मारपीट

मामले में कार सवार युवक ने गांव से अपने दोस्तों को फोन करके बुलाया. जिसके बाद अकरम, इमरान, इंसाफ, मनकू, नब्बो, इरफान सहित कुछ लोग डंडे लेकर टोल पर पहुंचे और मुनीम भगत सिंह के साथ मारपीट की. हमले में भगत सिंह की आंख पर गंभीर चोट आई. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. पूरी घटना का टोल पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. इसका अब फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टोल परिसर में मारपीट की घटना कैद हुई हैं.

पहले भी हो चुका है टोल पर हमला

टोल कर्मियों ने बताया कि मारपीट में शामिल सभी आरोपी नंदनहेड़ी गांव के रहने वाले हैं. घटना के बाद टोल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. 

साथ ही हमलावारों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. टोल कर्मियों ने बताया कि पहले भी आसपास गांव के युवक टोल पर मारपीट व हमला कर चुके हैं. लेकिन पंचायत के बाद मामला शांत करवा दिया गया था.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement