आगरा में एक शख्स का चार साल पुराना संकल्प आखिरकार पूरा हो गया. चार साल तक उन्होंने न बाल कटवाए और न ही दाढ़ी बनवाई. इसके पीछे न तो कोई फैशन था और न ही कोई मन्नत. दरअसल, उनके घर से लाइसेंसी राइफल चोरी हो गई थी. उदय सिंह पिप्पल ने तय किया था कि जब तक उनकी राइफल वापस नहीं मिलेगी, तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे. अब पुलिस ने चार साल बाद उनकी राइफल बरामद कर ली है. इसके साथ ही उदय सिंह का संकल्प भी पूरा हो गया.
2022 में घर से चोरी हुई थी राइफल
मामला 6 जून 2022 की रात का है. बदमाश उदय सिंह पिप्पल के घर में घुसे थे. चोर उनकी लाइसेंसी राइफल और 20 कारतूस के अलावा करीब ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और चार लाख रुपये नकद भी चोरी कर ले गए थे. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था और चोरी का सामान भी बरामद कर लिया था. हालांकि, लाइसेंसी राइफल का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
राइफल मिलने तक बाल-दाढ़ी नहीं कटवाने का लिया संकल्प
राइफल के वापस मिलने का इंतजार उदय सिंह के लिए इतना खास था कि उन्होंने खुद से एक संकल्प ले लिया. उन्होंने तय किया कि जिस दिन उनकी राइफल वापस मिलेगी, उसी दिन वह अपने बाल और दाढ़ी कटवाएंगे. इसके बाद दिन बीतते गए. दिन महीनों में बदले और महीने देखते ही देखते चार साल में बदल गए, लेकिन उदय सिंह ने अपना संकल्प नहीं तोड़ा.
धौलपुर से 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
अब थाना खैरागढ़ पुलिस, वेस्ट जोन एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश ध्रुव को धौलपुर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक ध्रुव के खिलाफ अलग-अलग थानों में नौ मुकदमे दर्ज हैं. उसके कब्जे से लाइसेंसी राइफल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, चोरी के 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
वही राइफल निकली जो 2022 में चोरी हुई थी
पुलिस की जांच में पता चला कि बरामद लाइसेंसी राइफल वही है, जो वर्ष 2022 में सैंया थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान के घर से चोरी हुई थी. यानी जिस राइफल के वापस आने का उदय सिंह चार साल से इंतजार कर रहे थे, आखिरकार वही राइफल पुलिस के हाथ लग गई. पुलिस से राइफल बरामद होने की खबर मिलते ही उदय सिंह की चार साल पुरानी खुशी वापस लौट आई. उन्होंने पुलिस, एसओजी और खैरागढ़ पुलिस टीम का आभार जताया. उदय सिंह का कहना है कि अब उनका संकल्प पूरा हो गया है और वह चार साल बाद एक बार फिर अपना पुराना लुक अपनाएंगे.
कई जिलों और राज्यों में चोरी करता था गिरोह
DCP West आदित्य के मुताबिक, गिरफ्तार ध्रुव अपने साथियों के साथ मिलकर सीमा क्षेत्र के गांवों के अलावा अलग-अलग जिलों और राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. पुलिस के अनुसार गिरोह के दो अन्य साथी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
अब चार साल बाद बदलेगा उदय सिंह का लुक
चार साल पहले हुई एक चोरी में उदय सिंह की राइफल चली गई थी, लेकिन उसे वापस पाने की उम्मीद ने उन्हें एक ऐसे संकल्प से जोड़ दिया, जिसे उन्होंने पूरे चार साल तक निभाया. अब राइफल वापस आ चुकी है. ऐसे में इंतजार सिर्फ उस दिन का है, जब उदय सिंह चार साल बाद आईने के सामने बैठकर अपने बाल और दाढ़ी कटवाएंगे.
ये भी पढ़ें