गुजरात के अहमदाबाद जिले के साणंद तालुका में स्थित विंछिया गांव में हत्या का चौंकानेवाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने अपने 10 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता नहीं चाहता था कि उसका बेटा परिवार की परंपरा के मुताबिक तांत्रिक(भुवा) बने. इसी के चलते पिता ने कथित तौर पर बेटे को माता के मंदिर के पास दोनों पैरों से पकड़कर दो से तीन बार जमीन पर पटका और फिर सिर पर लकड़ी से वार करके मौत के घाट उतार दिया.
अहमदाबाद ग्रामीण के सानंद पुलिस थाने में मृतक 10 साल के बेटे की माता भारती बेन ने अपने ही पति नरेश भाई के खिलाफ बेटे की हत्या की एफआईआर दर्ज करवाई है. इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नरेश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बेटा को पिता के पास छोड़कर गई थी मायके
माता भारती बेन के मुताबिक, वह बेटे और पति नरेश के साथ विंछिया गांव में रहती है. पति नरेश खेती का काम करता है. पति नरेश से कुछ दिन पहले हुए झगड़े की वजह से वह अपने मायके गई हुई थी. इस दौरान बेटे की स्कूल में परीक्षा होने की वजह से उसे वह अपने पति यानी नरेश के पास ही छोड़कर गई थी. भारती बेन को 1 नवंबर की रात पड़ोसियों ने फोन करके बताया कि उनके बेटे को नरेश ने बुरी तरह से मारा है. इसके बाद वह तुरंत अपने माता-पिता, भाई-भाभी के साथ अपने घर विंछिया आने के लिए निकली. रात के समय भारती बेन जब घर के पास स्थित जोगनी माता के मंदिर पहुंची तो खाट पर लहूलुहान हालत में पड़े बेटे को देखकर चौंक उठी. उस समय 10 साल के बेटे की मौत हो चुकी थी. उधर, पास के एक दूसरे खाट में पति नरेश सो रहा था.
और इसलिए कर दी बेटे की हत्या
भारती बेन के मुताबिक, जब उन्होंने नरेश से बेटे की हालत को लेकर पूछा तो नरेश ने कहा कि वह नहीं चाहता था की उनका बेटा भी आगे जाकर तांत्रिक बने, क्योंकि नरेश और उससे पहले उनके पिता भी तांत्रिक का काम किया करते थे. इसी वजह से नरेश भाई ने बेटे को जोगणी माता के मंदिर के पास दोनों पैरों से पकड़कर दो से तीन बार पटका और सिर पर लकड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अहमदाबाद ग्रामीण के DySP नीलम गोस्वामी ने कहा, आरोपी खुद तांत्रिक था और उसके पिता भी तांत्रिक थे. आरोपी नहीं चाहता था कि उसका बेटा भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में तांत्रिक बने. इसी झगड़े की वजह से आरोपी की पत्नी मायके गई हुई थी और घर पर पिता-पुत्र अकेले थे. तब मौका देखकर पुत्र को मंदिर के पास ले जाकर उसे पहले जमीन पर पटका और फिर सिर पर वार करके हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया है कि बेटे को तांत्रिक बनने से रोकने के लिए उसने बेटे की हत्या की. आरोपी की पत्नी ने थाने में नरेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है. इस मामले में FSL की मदद ली गई है. शव का पोस्टमार्टम करवा गया है. पुलिस ने नरेश को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.