फिल्मों में एयरपोर्ट पर होने वाली हाईटेक चोरी देखकर लोग अक्सर हैरान रह जाते हैं, लेकिन अहमदाबाद में सामने आया यह मामला किसी बॉलीवुड क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है. यहां करोड़ों रुपये के सोने के गहने एयर कार्गो से ऐसे गायब किए गए कि शुरुआत में किसी को भनक तक नहीं लगी. लेकिन जब सच की गुत्थी खुली तो सच जान सबके होश उड़ गए. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
दरअसल, मामला अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का है. टाइटन कंपनी के ऑर्डर पर आरबीजेड ज्वेलर्स द्वारा तैयार किए गए सोने के आभूषणों के 7 पार्सल 18 अप्रैल 2026 को बेंगलुरु भेजे जाने थे. ये पार्सल सीक्वल लॉजिस्टिक्स कंपनी के जरिए अकाशा एयरलाइंस को सौंपे गए थे. इनमें एक पार्सल बेहद खास था. करीब 13 किलो वजन वाले इस पार्सल में 2.107 किलो से ज्यादा सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग 2.58 करोड़ रुपये बताई गई. लेकिन यह पार्सल बेंगलुरु पहुंचा ही नहीं. इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई.
एयरपोर्ट कर्मचारियों ने ही रचा खेल
जांच में जो खुलासा हुआ उसने सभी को चौंका दिया. पुलिस के मुताबिक अकाशा एयरलाइंस में सफाई प्रभारी रोशन पटेल ने पूरी चोरी की साजिश रची थी. वहीं सुरक्षा प्रभारी जैद हसन अंसारी ने सीसीटीवी और बॉडी कैमरों से बचते हुए सोना बाहर निकालने में मदद की. डीसीपी अतुल बंसल के अनुसार, जैद अंसारी, रोशन पटेल और जूनागढ़ का सुल्तान समा इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड थे. आरोपियों ने अहमदाबाद से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट में पर्यटक बनकर टिकट भी बुक किए थे ताकि किसी को शक न हो.
ट्रॉली से फ्लाइट तक पहुंचा सोना
पुलिस जांच में पता चला कि कार्गो से पार्सल खाली यात्री डिब्बे में लाए गए. इसी दौरान सोने वाला पार्सल लोडर जयेश परमार की ट्रॉली में रख दिया गया और फिर उसे यात्री बनकर आए सलीम मोहम्मद अंसारी को सौंप दिया गया. सलीम को फ्लाइट के जरिए सोना अहमदाबाद से बाहर ले जाना था. बाद में सुल्तान समा और उसके साथियों ने सोने को पिघलाकर अलग-अलग ज्वैलर्स को बेच दिया. पुलिस ने राजकोट और अहमदाबाद तक जांच बढ़ाकर सोने के खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया है.
करोड़ों की बरामदगी, कई आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 69.24 लाख रुपये नकद और 1.02 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. कुल मिलाकर 1.72 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मार्च महीने में तीन बार ऐसी चोरी की कोशिश कर चुके थे, लेकिन सफल नहीं हो पाए थे. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों और बाकी सामान की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
रिपोर्टर: ब्रिजेश दोशी
ये भी पढ़ें: