Advertisement

Ahmedabad Crime News: जिस मामा ने पाला उसी को करना पड़ा भांजे का कत्ल, मामूली सी बाद बदल गई खूनी अंजाम में

गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राळ में मजाक-मस्ती से रोकने पर 16 वर्षीय भांजे ने अपने मामा दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आई मामी भी घायल हो गईं. इसके बाद घायल मामा ने गुस्से में भांजे के हाथ से चाकू छीनकर उस पर वार कर दिया, जिससे अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

मामा ने किया भांजे का कत्ल
ब्रिजेश दोशी
  • अहमदाबाद,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:52 PM IST

गुजरात के अहमदाबाद में मजाक-मस्ती करने का अंजाम कुछ इस तरह नजर आया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दी है. मस्ती-मजाक से रोकने जैसी मामूली बात पर मामा और भांजे के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झड़प में बदल गया. वस्त्राळ इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग भांजे ने पहले अपने मामा पर चाकू से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आई मामी और एक अन्य युवक भी घायल हो गए. इसके बाद घायल मामा ने भांजे के हाथ से चाकू छीनकर उस पर ऐसा वार किया कि हमले में गंभीर रूप से घायल भांजे की अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद रामोल पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस-शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मजाक करने से मना किया तो मामा पर किया चाकू से हमला
यह घटना वस्त्राळ के इंदिरा नगर टेकरा के पास की है. जानकारी के मुताबिक, दिनेश अपनी पत्नी पूजा के साथ बैठे थे. इसी दौरान उनका 16 वर्षीय नाबालिग भांजा अपने दोस्तों के साथ पैडल रिक्शा में बैठकर मजाक-मस्ती कर रहा था. शोर मचाने पर मामा ने उसे डांटा और ऐसा करने से मना किया. इस बात से नाबालिग भड़क गया और उसने गुस्से में मामा दिनेश के पेट में चाकू घोंप दिया. मामा पर हमला होते देख उनकी पत्नी पूजा बीच-बचाव करने पहुंचीं. इस दौरान पूजा और सुनील नाम का एक अन्य युवक भी घायल हो गया. हमले में घायल दिनेश ने नाबालिग के हाथ से चाकू छीन लिया और उसकी कमर पर वार कर दिया. इससे भांजा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

घटना के बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से असारवा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद नाबालिग को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल मामा, मामी और दूसरे युवक का इलाज किया गया.

मां की दूसरी शादी के बाद मामा ने किया था पालन-पोषण
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग बचपन से ही अपने मामा दिनेश के साथ रहता था. उसकी मां ने दूसरी जगह शादी कर ली थी, जिसके बाद मामा ने ही उसका पालन-पोषण किया. हालांकि, पिछले तीन महीनों से नाबालिग अलग रह रहा था. सोमवार रात को मजाक-मस्ती करने से रोकने जैसी छोटी-सी बात पर परिवार में विवाद हुआ, जो जानलेवा झड़प में बदल गया.

रामोल पुलिस ने दर्ज की क्रॉस-शिकायत
मामले में रामोल पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़ी क्रॉस-शिकायतें दर्ज की हैं. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जरूरी सबूत जुटाए हैं. सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों से भी पूछताछ की गई है. पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी जांच कर रही है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement