दुनिया भर में लोकप्रिय हो चुके अलोका के स्वागत में साइबर सिटी गुरुग्राम के एक प्रतिष्ठित होटल में विशेष मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में डॉग लवर्स पहुंचे. अलोका के साथ तस्वीर खिंचवाने और उसे करीब से देखने के लिए लोगों में खास उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए.
300 से ज्यादा लोगों ने की मुलाकात
कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट दिव्यम खेरा ने बताया कि अलोका की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस आयोजन में 300 से अधिक लोग केवल उसकी एक झलक पाने और उसके साथ फोटो खिंचवाने पहुंचे. उन्होंने कहा कि अलोका से मिलना आमतौर पर आसान नहीं होता. कई बार विभिन्न देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति स्तर के लोग ही उससे आधिकारिक मुलाकात कर पाते हैं. ऐसे में गुरुग्राम का यह कार्यक्रम आम लोगों और पेट लवर्स के लिए एक खास अवसर साबित हुआ.
हर जीव के सम्मान का दिया संदेश
एडवोकेट दिव्यम खेरा ने कहा कि भारत आध्यात्मिकता और करुणा की भूमि है. जिस तरह लोग आज अलोका को प्यार और सम्मान दे रहे हैं, उसी तरह समाज में हर जीव के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का भाव होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल अलोका से लोगों की मुलाकात कराना नहीं था, बल्कि पशु प्रेम और सह-अस्तित्व का संदेश भी देना था.
प्रेरणादायक है अलोका का सफर
सड़क से उठकर दुनिया भर में शांति का दूत बनने तक का अलोका का सफर बेहद प्रेरणादायक माना जाता है. सोशल मीडिया पर भी उसकी जबरदस्त लोकप्रियता है. इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर उसके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उसकी गतिविधियों को लगातार फॉलो करते हैं.
110 दिन की पीस वॉक पूरी कर चुका है अलोका
अपनी वैश्विक शांति मुहिम के तहत अलोका हाल ही में अमेरिका में 110 दिनों की लंबी पीस वॉक पूरी कर चुका है. इसके अलावा वह थाईलैंड और नेपाल का दौरा भी कर चुका है. नेपाल से भारत पहुंचे अलोका का अगला पड़ाव एक बार फिर अमेरिका होगा. गुरुग्राम में लोगों से मुलाकात करने के बाद वह अपनी अगली फ्लाइट से अमेरिका के लिए रवाना होने की तैयारी में है.
ये भी पढ़ें