Advertisement

Cylinder Scam: आम लोगों को एक सिलेंडर नहीं मिल रहा और दलाल ले जा रहे हैं 10-10 एक साथ, वीडियो वायरल

राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. ईरान-इजरायल तनाव के बीच गैस सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के साथ ही इलाके में सिलेंडरों की भारी किल्लत देखी जा रही है.

सिलेंडर स्कैम
gnttv.com
  • अलवर,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:22 PM IST

ईरान-इजरायल-अमेरिका के बढ़ते तनाव के कारण देश के कई हिस्सों में घरेलू गैस की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं. इसी बीच राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे से गैस वितरण को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है. यहां आम उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर पाने के लिए लंबी लाइनों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि आरोप है कि कुछ दलाल एक साथ कई सिलेंडर लेकर जा रहे हैं. इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर दलालों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं.

एक सिलेंडर के लिए लंबी लाइन, दलाल ले जा रहे कई सिलेंडर
स्थानीय लोगों का कहना है कि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ता है और कई बार घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाता. दूसरी ओर, आरोप है कि कुछ दलाल गैस सप्लाई की गाड़ी आने से पहले ही वहां पहुंच जाते हैं और अपनी डायरी दिखाकर एक साथ कई सिलेंडर उठा लेते हैं.

ग्रामीणों के मुताबिक एक डायरी के नाम पर 10 से अधिक सिलेंडर तक ले जाए जा रहे हैं, जबकि आम लोगों को एक सिलेंडर के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है.

पुलिस की मौजूदगी में हो रहा वितरण
बताया जा रहा है कि जिले में गैस की कमी के कारण कई जगहों पर सिलेंडरों का वितरण पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है. इसके बावजूद गोविंदगढ़ में गैस सप्लाई को लेकर अव्यवस्था के आरोप सामने आए हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सप्लाई की गाड़ी आते ही दलाल वहां पहुंच जाते हैं और एजेंसी से सिलेंडर लेकर अपनी दुकानों या गोदामों में जमा कर लेते हैं.

ऊंचे दामों पर बेचने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में यही सिलेंडर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचे जाते हैं. लोगों का कहना है कि एक सिलेंडर की कीमत 2000 से 3000 रुपये तक ली जा रही है.

अगर यह आरोप सही साबित होते हैं तो यह गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला हो सकता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बताया जा रहा है कि गोविंदगढ़ के हाई स्कूल के पास गैस सप्लाई की गाड़ी खड़ी है और वहां कई लोग अपनी डायरी लेकर मौजूद हैं.

वीडियो में कुछ बाइक और एक ई-रिक्शा भी दिखाई दे रहा है, जिसमें करीब 10 गैस सिलेंडर लदे हुए नजर आते हैं. आरोप है कि ये सिलेंडर बाद में दलालों की दुकानों पर पहुंचाए जाते हैं.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने इस मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि खुलेआम हो रही कथित कालाबाजारी के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आए और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.

(रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा) 

ये भी पढ़ें 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement