राजस्थान के अलवर जिले में पंचायत चुनाव में जीत की खुशी उस समय विवाद में बदल गई, जब सरपंच की रैली के दौरान आतिशबाजी और डीजे पर गाने बजाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. नौगांवा थाना क्षेत्र के डाबरी ग्राम पंचायत के बलरामपुर गांव में शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.
दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें आठ लोग घायल हो गए. घायलों में चार लोगों के सिर में चोट आई है, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया है.
आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, एक पक्ष सरपंच की जीत की खुशी में आतिशबाजी कर रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष ने पटाखे जानवरों से दूर चलाने की बात कही. बताया जा रहा है कि इसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी. जानकारी के मुताबिक, दूसरा पक्ष पंचायत चुनाव में हारी हुई उम्मीदवार का समर्थक था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया.
पाटनभान गांव में भी पत्थरबाजी
पंचायत चुनाव से जुड़ा दूसरा विवाद पाटनभान गांव में सामने आया. यहां डीजे पर गाने बजाते हुए रैली निकाली जा रही थी. इसी दौरान गाने बंद कराने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
पुलिस ने 14 लोगों को किया गिरफ्तार
नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल सिंह ने सोमवार दोपहर बताया कि शांति भंग करने के आरोप में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस दोनों घटनाओं के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है. पंचायत चुनाव के बाद हुई इन घटनाओं ने गांवों में चुनावी रंजिश और जश्न के दौरान विवाद को लेकर चिंता बढ़ा दी है.