साउथ ईस्ट दिल्ली की अमर कॉलोनी में सीनियर IRS अफसर की बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को 22 अप्रैल को द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया. देर रात हुई पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासे किए, उन्होंने सभी को झकझोर दिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई.
माता-पिता के रूटीन की जानकारी का उठाया फायदा
पुलिस ने बताया कि राहुल मीणा करीब आठ महीने से परिवार के साथ घरेलू काम कर रहा था और लगभग एक महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. पुलिस के मुताबिक आरोपी को परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी. उसे मालूम था कि लड़की के माता-पिता सुबह जिम के लिए घर से निकल जाते हैं. इसी का फायदा उठाकर वह सुबह-सुबह बिल्डिंग में घुसा. उसे यह भी पता था कि घर के कौन-कौन से लॉक कैसे खुलते हैं. सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचकर उसने वारदात को अंजाम दिया.
पढ़ाई कर रही थी छात्रा, विरोध करने पर किया हमला
घटना के समय छात्रा स्टडी रूम में पढ़ाई कर रही थी. आरोपी ने उस पर हमला कर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने विरोध किया. इसके बाद आरोपी ने पास में रखी भारी चीज से उस पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई. पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने उसके साथ रेप किया.
लूट की नीयत से नीचे घसीटा, नहीं खुला लॉकर
वारदात के बाद आरोपी ने लूटपाट की कोशिश की. वह बेहोश अवस्था में छात्रा को स्टडी रूम से नीचे घसीटकर उस कमरे तक लाया जहां लॉकर रखा था. लॉकर थंब इम्प्रेशन से खुलता था, इसलिए उसने पीड़िता के हाथ से लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. पुलिस का मानना है कि उस समय तक पीड़िता की मौत हो चुकी थी. इसके बाद आरोपी ने औजार से लॉकर तोड़कर कैश और ज्वेलरी निकाल ली.
खून से सने कपड़े बदलकर मौके से फरार
वारदात के दौरान आरोपी के कपड़ों और जूतों पर खून लग गया था. ऐसे में उसने घर में रखे कपड़े और चप्पल पहनकर खुद को बदला और बैग में लूट का सामान भरकर मौके से फरार हो गया.
पहले भी कर चुका था आपराधिक हरकतें
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी को ऑनलाइन जुए की लत थी और वह इससे कमाए पैसों का गलत इस्तेमाल करता था. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले उसने राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था और उसे धमकाकर भाग निकला था. इसके बाद वह दिल्ली पहुंचा और इस वारदात को अंजाम दिया.
क्या पहले से थी नजर ?
जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी की नजर पहले से ही लड़की पर हो सकती है. क्योंकि घर की पूरी जानकारी होने के बावजूद उसने सीधे उसी समय और उसी जगह वारदात को अंजाम दिया, जब युवती अकेली थी. ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि यह अपराध पूरी तरह से पूर्व नियोजित हो सकता है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक युवती पढ़ाई में बेहद होनहार थी. उसने 12वीं में ऑल इंडिया टॉप किया था, IIT से इंजीनियरिंग की और अब UPSC की तैयारी में जुटी थी.
इनपुट-अरविंद ओझा
ये भी पढ़ें