उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के कार्यकाल को लेकर उत्तरप्रदेश के जनपद अमेठी के भौसिंहपुर गांव के ब्राह्मण समाज के लोग सरकार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में गांवों में विकास कार्यों को गति मिली है और सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है.
ग्रामीणों के मुताबिक, गरीब परिवारों को पक्के मकान, राशन समेत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है. गांवों में पक्की सड़कों के साथ दूसरी बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार हुआ है. लोगों का कहना है कि अब ग्रामीण इलाकों में भी हाईटेक सुविधाएं पहुंच रही हैं.
सुरक्षा व्यवस्था में भी हुआ सुधार
भौसिंहपुर गांव के ब्राह्मण समाज के लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी योगी सरकार की तारीफ की है. उनका कहना है कि मौजूदा समय में महिलाएं पहले की अपेक्षा खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं. उनका दावा है कि पहले महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है.
रोजगार के अवसरों को और बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने सरकार से रोजगार के अवसरों को और बढ़ाने की मांग भी की है. ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि विकास के साथ युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाने चाहिए, ताकि उन्हें काम के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े.
गांवों में नजर आ रहा बदलाव
गांव के ही रहने वाले अशोक उपाध्याय ने बताया कि गांव में बच्चों की पढ़ाई के लिए निशुल्क लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. उनका कहना है कि ऐसी सुविधाओं से गांव के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर शिक्षा की तैयारी में मदद मिल रही है. ग्रामीण अरविंद पांडे का कहना है कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से गांवों में बदलाव नजर आ रहा है. योगी सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा की आने वाले समय में विकास और रोजगार के क्षेत्र में और बेहतर काम की उम्मीद जताई है. गांव की छात्रा अनन्या ने बताया की योगी की के पांच साल में बहुत विकास हुआ है. हम लड़कियां अब रात में भी कहीं भी निकलकर आसानी से आ-जा सकती हैं. पहले लड़कियों के लिए बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं है. पुलिस भी अलर्ट रहती है. बाकी सरकार अच्छा काम कर रही है. बस रोजगार पर थोड़ा ध्यान दिया जाए.