दिल्ली की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी के बीच अगर कहीं मन को ठहराव और आंखों को राहत मिलती है, तो वह है अमृत उद्यान. पहले मुगल गार्डन के नाम से मशहूर यह उद्यान अब नए नाम और नए अनुभव के साथ एक बार फिर आम लोगों के स्वागत को तैयार है. हरियाली, रंगों की बहार और शांत वातावरण यह सब मिलकर इसे सर्दियों की सबसे खास सैरगाह बनाते हैं.
हर साल की तरह इस बार भी सर्दियों में अमृत उद्यान अपने पूरे शबाब पर होगा. 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आम जनता यहां प्रकृति की अनुपम सुंदरता का आनंद ले सकेगी. इस विंटर एनुअल एडिशन का औपचारिक उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद यह उद्यान सभी के लिए खुल जाएगा.
देखने को मिलेगी फूलों की दुनिया
इस वर्ष अमृत उद्यान को और भी आकर्षक बनाया गया है. यहां 145 से अधिक किस्मों के गुलाब, 85 प्रकार के मौसमी व सजावटी फूल, रंग-बिरंगे ट्यूलिप, बहती जलधाराएं, बाब्लिंग ब्रुक (छोटी झरनों जैसी नहरें) और सुकून से भरा बरगद का बगीचा देखने को मिलेगा. गुलाब प्रेमियों को ‘अर्जुन’, ‘कृष्ण’ और ‘अश्वनी’ जैसी अनोखी किस्में खास तौर पर लुभाएंगी.
QR कोड स्कैन कर बढ़ेगी जानकारी
अमृत उद्यान इस बार सिर्फ देखने भर की जगह नहीं, बल्कि सीखने का भी केंद्र है. पूरे उद्यान में जगह-जगह QR कोड लगाए गए हैं. मोबाइल से स्कैन करते ही संबंधित पौधे या फूल की पूरी जानकारी तुरंत मिल जाती है. बच्चों, छात्रों और जिज्ञासु दर्शकों के लिए यह अनुभव ज्ञानवर्धक और इंटरैक्टिव साबित होगा.
क्या है समय, प्रवेश और नियम
उद्यान सप्ताह में छह दिन खुला रहेगा और सोमवार को बंद रहेगा. समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5:15 बजे तक मिलेगा. होली के दिन उद्यान बंद रहेगा. प्रवेश राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 से किया जाएगा.
टिकट और बुकिंग की जानकारी
अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य है. टिकट बुक करने के लिए आपको visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाना होगा. मौके पर यानी ऑन-द-स्पॉट टिकट उपलब्ध नहीं होंगे. केवल ऑनलाइन बुकिंग ही मान्य होगी.