Advertisement

Arvind Kejriwal: अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ भरी हुंकार! बोले- लाठी चार्ज से नहीं डरने वाले 100 लोगों को लेकर जाऊंगा पीएम मोदी के घर, लोगों से की यह बड़ी अपील

केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आर-पार के मूड में आ गए हैं. उन्होंने कहा कि वह 4 अगस्त को पीएम मोदी के आवास तक मार्च करेंगे. केंद्र की E20 पॉलिसी के खिलाफ दो लाख से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर वाली एक याचिका सौंपेंगे. केजरीवाल ने कहा कि वे अपने साथ 100 ऐसे लोगों को ले जाएंगे जो लाठी चार्ज से नहीं डरते. 

Aam Aadmi Party National Convener Arvind Kejriwal (Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ अब आर-पार के मूड में आ गए हैं. उन्होंने अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है. नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में शनिवार को आयोजित नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20 के दौरान आप सुप्रीमो केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने घोषणा की कि वे 4 अगस्त 2026 दिन मंगलवार को दोपहर 12 बजे 100 लोगों के दल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की तरफ पैदल मार्च करेंगे.

दो लाख से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर वाली एक याचिका सौंपेंगे
केजरीवाल इस मार्च के दौरान प्रधानमंत्री को उन 2 लाख से भी अधिक देशवासियों के हस्ताक्षर यानी पेटिशन की प्रिंटआउट कॉपी व्यक्तिगत रूप से सौंपेंगे, जिन्होंने इस नीति के विरोध में ऑनलाइन याचिका पर दस्तखत किए हैं. उन्होंने कहा कि इस मार्च के लिए भीड़ जुटाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे केवल ऐसे 100 निडर लोगों को अपने साथ ले जाएंगे जो लाठी चार्ज से नहीं डरते हैं.

जनता से इस मुहीम का हिस्सा बनने की अपील 
इस विरोध प्रदर्शन को देशव्यापी जन-आंदोलन बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) का बायो भी बदल दिया है. उन्होंने अपने नए बायो के जरिए सीधे आम जनता से इस मुहीम का हिस्सा बनने की अपील की है. उन्होंने बायो में लिखा है,'आइए मिलकर E20 के खिलाफ आवाज उठाएं. नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और PM के नाम पेटिशन पर साइन करें. केजरीवाल लगातार सोशल मीडिया पर लोगों से इस अभियान से जुड़ने, अपने वीडियो पोस्ट करने और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की अपील कर रहे हैं.

E20 पेट्रोल पर केजरीवाल की तीन मुख्य मांगें
टाउन हॉल में उपस्थित और वर्चुअली जुड़े हजारों लोगों को संबोधित करते हुए आप नेता केजरीवाल ने सरकार के सामने तीन स्पष्ट और बड़ी मांगें रखीं, जिन्हें जनता का भारी समर्थन मिला. उन्होंने कहा कि आम जनता और वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों पर यह चुनने की पूरी आजादी होनी चाहिए कि वे 100% शुद्ध पेट्रोल भरवाना चाहते हैं या फिर E20 मिलावटी पेट्रोल. दूसरी मांग में उन्होंने कहा कि एथेनॉल की कम कैलोरी मान और पेट्रोल की तुलना में कम माइलेज मिलने के गणित को देखते हुए शुद्ध पेट्रोल की कीमत E20 पेट्रोल से कम तय की जानी चाहिए. तीसरी मांग करते हुए उन्होंने कहा कि देश के आम नागरिक को महंगाई से राहत देते हुए पेट्रोल की बिक्री 84 रुपए प्रति लीटर से कम कीमत पर की जानी चाहिए.

केंद्र की इस नीति पर उठाए सवाल
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की इस नीति की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एथेनॉल मिलाने से गाड़ियों का माइलेज काफी कम हो जाता है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है. इसके अलावा पुराने वाहनों के इंजन खराब होने का बड़ा खतरा बना रहता है. साथ ही एथेनॉल प्लांट के आसपास रहने वाले किसानों को पानी की किल्लत और जमीन खराब होने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारत को अगले पांच सालों में 100 अरब डॉलर का अमेरिकी सामान खरीदना है. अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा एथेनॉल उत्पादक है. भारत अपने आयात को पांच गुना बढ़ाकर अमेरिकी एथेनॉल खपा रहा है. केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका और ट्रंप को खुश करने के लिए यह हानिकारक E20 नीति हमारे देश के नागरिकों पर जबरन थोपी जा रही है.

तहसीन पूनावाला बोले-पुलिस ने किया नजरबंद
टाउन हॉल कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर सुरक्षा बलों का भारी जमावड़ा देखने को मिला. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो जारी कर बताया कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के बाहर दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की भारी टुकड़ियों को तैनात किया गया था. वहीं, इसी नीति के खिलाफ गांधी स्मृति तक मौन मार्च और एक दिन की भूख हड़ताल की योजना बना रहे सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह उन्हें उनके घर में ही नजरबंद कर दिया.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement