Advertisement

सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा में AAP हुई पास, अब झाड़ू से पूरा देश करेंगे साफ- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरे साथ आम आदमी पार्टी की टॉप लीडरशीप की छवि खराब करने के लिए हमें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश हुई. उन्होंने कहा कि अब कोर्ट ने भी कह दिया, केजरीवाल और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं, भाजपा झूठा आरोप लगा रही थी.

Arvind Kejriwal
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:02 PM IST

दिल्ली की निचली अदालत से कट्टर ईमानदार साबित होने के बाद मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गोवा में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे. फर्जी शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने पर पणजी में आयोजित बधाई समारोह में उन्होंने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते चलकर आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा को पास कर ली है. अब हम झाड़ू से गोवा समेत पूरे देश को साफ करेंगे. भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी टॉप लीडरशीप की छवि खराब करने के लिए हमें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की गई. लेकिन कोर्ट ने कह दिया है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं. इसमें इतना भी सबूत और गवाह नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके.

AAP ने सच्चाई और ईमानदारी की अग्नि परीक्षा पास की- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का नेतृत्व अग्नि परीक्षा से निकल कर आया है. इतिहास गवाह है कि जब-जब कोई सच्चाई के रास्ते पर चलता है, तो उसे अग्नि परीक्षा देनी ही पड़ती है. सच्चाई के रास्ते पर चलना आसान नहीं है; कदम-कदम पर कांटे और पत्थर होते हैं तथा लोगों पर तरह-तरह के इल्जाम लगाए जाते हैं. हमने रामायण में भी सुना है कि जब भगवान श्रीराम रावण को हराकर लंका से निकले और अयोध्या की तरफ आए, तो सीता माता को भी अपनी पवित्रता साबित करने के लिए अग्नि परीक्षा देनी पड़ी थी. उसी तरह सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चल रही आम आदमी पार्टी को भी पिछले चार-पांच सालों से बदनाम करने की कोशिश की गई. पार्टी पर लगातार एक के बाद एक प्रहार हुए और हम लोग भी इस अग्नि परीक्षा से गुजर कर बाहर आए हैं.

इन्होंने हमें जेल में डालकर बदनाम किया- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे ऊपर आरोप लगाए गए कि केजरीवाल ने शराब घोटाला कर दिया और 100 करोड़ रुपए खा गया. दिन-रात 24 घंटे टीवी चैनलों पर यही डिबेट होती थी. हमारी छवि को बर्बाद करने और हमें भ्रष्ट व चोर साबित करने की पूरी कोशिश की गई. हमारे ऊपर पुलिस, इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई की रेड हुई. हमारे घरों, ऑफिस और बैंकों में जाकर सारे अकाउंट खंगाले गए. लेकिन इन्हें कुछ नहीं मिला, एक नया पैसा भी नहीं मिला.

हमने कुछ गलत नहीं किया तभी सिर उठा कर खड़े हैं- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि एक ही राजनीतिक पार्टी के पांच सबसे वरिष्ठ नेताओं मुझे (मुख्यमंत्री), मनीष सिसोदिया (डिप्टी सीएम), सत्येंद्र जैन (स्वास्थ्य मंत्री), विजय नायर और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जेल में डाल दिया गया. शीर्ष AAP नेताओं के ऊपर तरह-तरह से दबाव बनाया गया कि केजरीवाल को छोड़ कर भाजपा में आ जाओ. लेकिन हमारा एक भी नेता नहीं टूटा. जिन लोगों को ये एजेंसियां पकड़ती हैं और वे डरकर भाजपा में चले जाते हैं, उसका मतलब यही होता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है. लेकिन हमें पता था कि हमें झूठा फंसाया गया है और केस बिल्कुल फर्जी है. हमें भरोसा था कि आज नहीं तो कल बाहर आना ही है. हमें पता था कि कोर्ट में यह मामला टिकने वाला नहीं है, इसीलिए हम मजबूती से डटे रहे.

भाजपा ने झूठ फैलाया था कि शराब घोटाले का पैसा गोवा चुनाव में लगाया गया- केजरीवाल
केजरीवाल ने बताया कि जज साहब ने कहा है कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है और भाजपा झूठ बोल रही है. भाजपा ने यह खूब फैलाया कि शराब घोटाला करके पैसा गोवा ले जाया गया. लेकिन ऑर्डर के अंदर जज साहब ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गोवा के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बेईमानी का एक भी पैसा इस्तेमाल नहीं किया. यह केवल मेरी या आम आदमी पार्टी की जीत नहीं है, बल्कि यह गोवा के लोगों की भी जीत है. गोवा को यह कहकर बदनाम करने की कोशिश की गई कि वहां गलत पैसे का इस्तेमाल हुआ है. ऑर्डर के अंदर एक बहुत ही खास बात है; जज ने पहली बार यह लिखा है कि जिस सीबीआई ऑफिसर ने यह झूठा और फ्रॉड केस बनाया, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement