यूपी के औरैया में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है. यहां एक ऐसे व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया, जो अपने घर शुद्धि कारण के दिन वापस जिंदा लौट आया. अब पुलिस जांच में जुटी है. पुलिस ने शव का गलत पहचान करने वाले घरवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह मामला औरैया कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर अड्डा का है. सब इंस्पेक्टर अभय प्रताप सिंह ने तीन लोगों पर मामला दर्ज कराया है.
क्या है पूरा मामला
औरैया-भिखेपुर हाइवे के किनारे 18 जुलाई को एक लावारिस शव के पड़े होने की सूचना अजीतमल कोतवाली पुलिस को दी गई थी. इसको लेकर सोशल मीडिया से शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही थी. 22 जुलाई को दशरथ, ब्रजभान सिंह और राजेश कुमार ने शव की पहचान कमल सिंह रैदास निवासी सैदपुर अड्डा उम्र 40 वर्ष के रूप में की थी.
पुलिस द्वारा सभी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया था. मृतक कमल सिंह की पत्नी सुनीता को जब पति के मरने की जानकारी मिली तो उसको यकीन नहीं हुआ. उसने अपने पति को जो डेढ़ साल से घर वापस नहीं आए थे, उसको ढूंढने का प्रयास किया. जिस नंबर से कमल सिंह ने अपनी पत्नी को फोन किया था, उससे कमल सिंह से संपर्क हो गया. उसने अपने पति को वापस आने के लिए सारी बात बताई. कमल सिंह ग्वालियर में था. वह पत्नी के कहने पर घर वापस आया. उसी दिन उसके घर पर शुद्धि करण हो रहा था. कमल सिंह को देख कर सब चकित रह गए.
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने कमल सिंह रैदास की पहचान करने वाले तीन लोगों दशरथ, राजेश कुमार और ब्रजभान के खिलाफ अजीमतल कोतवाली में मामला दर्ज कराया है. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर जिस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया वह कौन था. अब पुलिस जांच में जुटी है.